
नोएडा । थाना सेक्टर-39 पुलिस ने गाडिय़ों में लिफ्ट देकर लूटपाट करने वाले 3 बदमाशों को सेक्टर 44 के सर्विस रोड पर मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। इनमें दो बदमाश पुलिस की गोली लगने से घायल हो गए। इनके पास से घटनाओं में प्रयोग की जा रही है आई-10 कार, तीन तमंचे, कारतूस ,खोखा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा 47 हजार रुपए बरामद किए हैं।
एडिशनल डीसीपी रणविजय सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना सेक्टर 39 पुलिस ने सेक्टर 44 सर्विस रोड पर चेकिंग के दौरानबदमाशों की आई-10 कार को रोकने का प्रयास किया तो बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने जवाब में गोली चलाई तो दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने घायल बदमाशों की पहचान जोवेद पुत्र मुस्ताक निवासी बिलासपुर एवं पुष्पेंद्र पुत्र राजेंद्र बताए गए हैं। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांबिंग के दौरान अरुण को गिरफ्तार किया। पकड़े गए बदमाशों ने की लूटपाट की घटनाएं करना स्वीकार किया है।