
Noida News (चेतना मंच)। फर्जी फर्म बनाकर सरकार को जीएसटी रिटर्न लेकर हजारों करोड रुपये का चूना लगाने वाले गिरोह के सदस्य को थाना सेक्टर 20 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इसके पास से फर्जी टैक्स इनवॉइस, मोबाइल फोन, आधार कार्ड व पहचान पत्र बरामद हुए हैं।
एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि पुलिस ने गत दिनों फर्जी जीएसटी फर्म घोटाले का खुलासा करते हुए कई आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इस मामले की जांच कर रही थाना सेक्टर 20 पुलिस ने विवेचना के बाद प्रीतम गर्ग उर्फ चाचा पुत्र जयप्रकाश गर्ग को सूरजपुर स्थित जिलाधिकारी कार्यालय के पास से गिरफ्तार किया। इसके पास से फर्जी टैक्स इनवॉइस, 3 मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पहचान पत्र आदि बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले 5 वर्षों से फर्जी जीएसटी बिलिंग से प्राप्त रुपयों को लाने वाले जाने का कार्य करता था। एडीसीपी ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी मूल रूप से हेरीटेज विद्याधर नगर जयपुर राजस्थान का रहने वाला है आरोपी पिछले काफी समय से फर्जी जीएसटी फर्म घोटाले के आरोपियों के साथ जुड़ा हुआ था। आरोपी के पास से बरामद मोबाइलों के डाटा की जांच पड़ताल की जा रही है। Noida News