
Noida News (चेतना मंच)। तीन बड़े राज्यों में मिली ऐतिहासिक जीत के बाद अब भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है। इसी के तहत विभिन्न कार्यक्रम लगातार आयोजित किया जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार की चलाई गई जनहित योजनाओं से जोड़ा जा सके तथा उन्हें उसका लाभ दिया जा सके।
इसी कड़ी में आज सेक्टर-5 स्थित हरौला के बारात घर में 'विकसित भारत संकल्प यात्राÓ रथ पहुंचा। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम का क्षेत्रीय सांसद तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा ने विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने तीन पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड भी बांटे तथा छोटे बच्चों को अन्नप्राशन कराया एवं गोद भराई का कार्यक्रम भी किया। इस दौरान मोटे अनाज से निर्मित खाद्य सामग्री की प्रदर्शनी भी लगाई गई ताकि मोटे अनाज के सेवन के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जा सके।
सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह अभियान 17 दिसंबर तक विभिन्न क्षेत्रों में चलेगा तथा वहां कैंप लगाकर लोगों को केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा जनहित में शुरू की गई योजनाओं की जानकारी दी जाएगी तथा उसका अधिक से अधिक लाभ भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा जनहित में चलाई गई योजनाओं का देश के करोड़ों लोग लाभ उठा रहे हैं। भाजपा सरकार में जितनी योजनाएं चलाई गई हैं। पूर्व की किसी सरकार ने आज तक नहीं चलाई हैं। यह सभी योजनाएं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा जनहित में दी गई गारंटी के नारे को बुलंद कर रही हैं।
इस अवसर पर भाजपा के नोएडा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, महामंत्री उमेश त्यागी, गणेश जाटव, वरिष्ठ भाजपा नेत्री गिरिजा सिंह, महेश अवाना, विनोद शर्मा, मीडिया प्रभारी तन्मय शंकर, भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष रामनिवास यादव, ओबीसी मोर्चा के अध्यक्ष उमेश पहलवान, उपाध्यक्ष जयप्रकाश प्रजापति, मंडल अध्यक्ष लोकेश कश्यप, हरौला के पूर्व प्रधान वेद प्रकाश, नोएडा प्राधिकरण के वर्क सर्कल एक के वरिष्ठ प्रबंधक डोरी लाल वर्मा समेत आसपास के क्षेत्र के सैकड़ों लोग महिलाएं, बच्चे तथा भाजपा की कार्यकर्ता मौजूद थे।