नोएडा में VVIP सम्मेलन: चप्पे-चप्पे पर तैनात होगी पुलिस, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
भारत
चेतना मंच
27 Nov 2025 05:19 PM
Noida News : नोएडा एक बार फिर एक बड़े राष्ट्रीय शैक्षणिक आयोजन होने जा रहा है। नोएडा के सेक्टर-125 स्थित एमिटी विश्वविद्यालय (Amity University) में 23 और 24 जून को अखिल भारतीय विश्वविद्यालय वार्षिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें देश भर से 300 से अधिक कुलपति (वाइस चांसलर), निदेशक और उच्च शिक्षा से जुड़े विशेषज्ञ शामिल होंगे।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह का सख्त निर्देश
सम्मेलन की थीम “भविष्य की उच्च शिक्षा की कल्पना: भारत की महत्वपूर्ण भूमिका” रखी गई है। इस आयोजन में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। उच्चस्तरीय आगंतुकों की मौजूदगी को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने सुरक्षा को लेकर पूरी सतर्कता बरतनी शुरू कर दी है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बुधवार देर रात एक अहम बैठक कर जिले के सभी DCP, ADCP, ACP और थाना प्रभारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
चप्पे-चप्पे पर होगी सुरक्षा व्यवस्था
कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि, सम्मेलन स्थल और आसपास के इलाकों में चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके तहत ट्रैफिक व्यवस्था, वीवीआईपी मूवमेंट और संभावित संवेदनशील बिंदुओं की पहले से पहचान कर उचित प्रबंध किए जा रहे हैं। हालांकि, सुरक्षा कारणों से पुलिस अधिकारियों की ओर से उपराष्ट्रपति और राज्यपाल की मौजूदगी को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन तैयारियां उसी स्तर पर की जा रही हैं जैसी कि राष्ट्रपति स्तरीय कार्यक्रमों के लिए होती हैं। Noida News