
Noida News (चेतना मंच)। कलोंदा गांव में पति द्वारा बुआ के घर भेजने से इनकार करने पर गुस्साई महिला ने फांसी के फंदे पर लटक कर अपनी जान दे दी। थाना जारचा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं थाना बिसरख क्षेत्र के सरस्वती कुंज कॉलोनी गौर सिटी-2 में रहने वाली Bsc की छात्रा ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि कलोंदा गांव में रहने वाली राधा पत्नी क्षेत्रपाल ने फांसी लगाकर जान दे दी है। मौके पर पहुंची पुलिस को प्रारंभिक जांच में पता चला कि राधा अपने पति से बुआ के घर जाने के लिए कह रही थी। क्षेत्रपाल ने काम में व्यस्त होने की बात कह कर राधा को जाने से मना कर दिया। इस बात पर गुस्सा होकर राधा अपने कमरे में चली गई और अंदर से कुंडी लगा ली। राधा को गुस्सा देखकर क्षेत्रपाल जारचा में रहने वाली उसकी बुआ को बुलाकर घर ले कर आया। कई बार खटखटाने पर भी जब राधा ने दरवाजा नहीं खोला तो क्षेत्रपाल ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर कमरे में राधा फांसी के फंदे पर लटकी हुई थी।
वहीं थाना बिसरख प्रभारी ने बताया कि गुरुवार को फैमिली हेल्थ केयर अस्पताल से सूचना मिली कि जहर खाने की वजह से युवती की उपचार के दौरान मौत हो गई है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंचे गौर सिटी-2 चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में मृतका का नाम सेजल पता चला। सेजल बीएससी की छात्रा थी। उन्होंने बताया कि घर पर तबीयत खराब होने पर वह उसे उपचार के लिए अस्पताल लेकर आए थे। परिजन भी सेजल द्वारा आत्महत्या करने के पीछे कोई ठोस कारण नहीं बता पा रहे हैं। Noida News