
Noida News: अलग-अलग स्थानों पर महिला व दो युवकों ने फांसी लगाकर जान दे दी। मौके से पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिले हैं जिस कारण तीनों ही मामले में आत्महत्या करने का कारण पता नहीं चल पाया है।
थाना फेस 1 क्षेत्र के नया बांस गांव में किराए पर रहने वाली पूजा रानी बीती रात्रि अपने कमरे में फांसी पर लटकी हुई थी। पड़ोसी किरायेदारों ने उसे फंदे पर लटका देख कर मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पूजा रानी किसी प्राइवेट कंपनी में काम करती थी और उसका पति सऊदी अरब में रह रहा है। मृतका के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
थाना सेक्टर 142 क्षेत्र के गिरधरपुर बसई गांव में रहने वाला अजय पुत्र कप्तान सिंह बीती रात्रि अपने कमरे में फांसी के फंदे पर लटक गया। अजय को फंदे पर लटका देखकर परिजनों ने उसे आनन-फानन में नीचे उतारा और फेलिक्स अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थाना प्रभारी उत्तम कुमार ने बताया कि अजय लिफ्ट मैकेनिक है, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान चल रहा था।
वही थाना सेक्टर 49 क्षेत्र में रंजीत पुत्र रामप्रकाश ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। रंजीत मूल रूप से ग्राम नानू अलीगढ़ का रहने वाला था। पुलिस ने तीनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिले हैं।