
Noida News (चेतना मंच) : नोएडा के थाना सेक्टर 24 की पुलिस ने चेकिंग के दौरान मादक पदार्थों की एक तस्कर महिला को गिरफ्तार किया है। चेकिंग के दौरान महिला का पति मौके से फरार होने में कामयाब रहा। महिला के पास से गांजा बरामद हुआ है।
हरि दर्शन चौकी प्रभारी निशांत मलिक पुलिस बल के साथ सेक्टर 11 के वीडियोकॉन चौराहे पर बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक स्कूटी पर आ रहे युवक व महिला को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर स्कूटी सवार भाग निकले। पुलिस के पीछा करने पर स्कूटी चला रहा युवक हड़बड़ा गया जिससे स्कूटी अनियंत्रित होकर गिर गई। स्कूटी चला रहा युवक मौके से भाग निकला जबकि महिला को पुलिसकर्मियों ने दबोच लिया।
पकड़ी गई महिला की तलाशी लेने पर उसके पास से 1 किलो 150 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में महिला ने अपना नाम सपना पत्नी दीपक कश्यप निवासी साउथ गणेश नगर दिल्ली बताया। सपना ने बताया कि मौके से फरार हुआ आरोपी उसका पति दीपक है। वह और उसका पति दीपक दिल्ली से गांजा लेकर नोएडा आते हैं और यहां नशेड़ियों को बेचते हैं। आरोपी महिला व उसके फरार पति के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। Noida News