
Noida News : साइबर ठग ने बैंक कर्मी बनकर महिला के खाते से 23,225 रुपए निकाल लिए। साइबर ठग ने महिला को झांसे में लेकर मोबाइल फोन में रेस्ट डेस्क ऐप डाउनलोड कराकर ठगी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता ने थाना सेक्टर-113 में अज्ञात साइबर ठग के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
सेक्टर-75 में रहने वाली बीना ने पुलिस को की शिकायत में बताया कि बैंक खाते की जानकारी लेने के लिए उसने गूगल से बैंक का कस्टमर केयर नंबर लिया था। कस्टमर केयर पर फोन करने पर बात करते हुए उसकी कॉल कट गई। इसके बाद एक अन्य नंबर से फोन आया।
Noida News : बीना ने बताया कि फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को बैंककर्मी बताकर उनकी मदद का आश्वासन दिया। उक्त व्यक्ति ने बताया कि वह अगर अपने मोबाइल फोन में रेस्ट डेस्क ऐप डाउनलोड कर ले, तो घर बैठे खाते का तमाम विवरण प्राप्त कर सकती हैं। उस व्यक्ति की बातों में आकर उन्होंने अपने मोबाइल फोन में ऐप को डाउनलोड कर लिया।
ऐप डाउनलोड होने के बाद उनके खाते से दो बार में 23,225 रुपए निकल गए। बैंक से मैसेज आने पर उन्होंने जब उक्त नंबर पर बात करने का प्रयास किया, तो वह स्विच ऑफ मिला। ठगे जाने का एहसास होने पर उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और उनके द्वारा उपलब्ध कराए गए मोबाइल नंबर के आधार पर आरोपी को तलाश करने का प्रयास किया जा रहा है।
Noida News : बैंक या क्रेडिट कार्ड से संबंधित किसी भी जानकारी केे लिए बैंक के एटीएम/डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड पर दिए गए बैंक के आधिकारिक नंबर पर ही संपर्क करें। यदि सर्च इंजन के माध्यम से कोई नंबर मिला भी है, तो उस नंबर पर बात करते समय अपना कोई भी कार्ड नंबर, एक्सपायरी डेट, ओटीपी, पासवर्ड, अपनी जन्मतिथि या अन्य गोपनीय जानकारी न दें।
अगर कोई व्यक्ति खुद को बैंक कर्मी बताते हुए आपको फोन करके आपसे मोबाइल पर कोई भी ऐप डाउनलोड करने या कोई ओटीपी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी मांगता है, तो उसे कोई भी जानकारी न दें। ऐसे किसी भी फोन कॉल की सूचना तत्काल अपने बैंक और साइबर क्राइम सेल में दें।
UP News : लड़कियों के साथ छेड़खानी पड़ी भारी, लोगों ने चप्पल-जूतों से पीटा
देश-दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें।
ग्रेटर नोएडा– नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें।