
Noida News : नोएडा (गौतमबुधनगर) की ज़िला कचहरी में तैनात एक महिला जज के भाई की ट्रेन से गिरकर मौत हो जाने का दुखदाई समाचार सामने आया है। इस ख़बर से ग्रेटर नोएडा में स्थित ज़िला कचहरी में शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई इस ख़बर को सुनकर दुखी है।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सुंदरपुर पुल के नजदीक ट्रेन से गिरकर एक व्यक्ति की मौत हो गई। यह सूचना पाकर मरने वाले युवक के भाई की जज बहन नुपुर श्रीवास्तव कुरुक्षेत्र पहुंचीं। नूपुर श्रीवास्तव नोएडा (गौतमबुद्धनगर) कचहरी में जज के रूप में तैनात है। जज नूपुर श्रीवास्तव ने अपने भाई के शव को क़ब्ज़े में लेकर उसका अंतिम संस्कार कराया। मामले में राजकीय रेलवे पुलिस जीआरपी कुरुक्षेत्र ने इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज की है।
हरियाणा में जीआरपी कुरुक्षेत्र के प्रभारी ओम प्रकाश ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब साढ़े तीन बजे सुंदरपुर पुल के नजदीक ट्रेन से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। सूचना पाकर राजकीय रेलवे पुलिस जीआरपी ने मौके से शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त कराई। जेब से मिले आधार कार्ड से मृतक की शिनाख्त अंशुल 39 वर्ष निवासी कानपुर के रूप में हुई। उन्होंने जीआरपी कानपुर के माध्यम से मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया।
सूचना के बाद मृतक की बहन नूपुर श्रीवास्तव नोएडा से कुरुक्षेत्र पहुंचीं, जो स्वयं न्यायधीश हैं। उन्होंने अंशुल की शिनाख्त की। इसके बाद जीआरपी ने मामले में इत्तेफाकिया रिपोर्ट दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराकर उनके हवाले कर दिया। उन्होंने कुरुक्षेत्र में ही भाई के शव का अंतिम संस्कार किया।
इस घटना से ग्रेटर नोएडा स्थित गौतमबुद्धनगर ज़िले की जिला कचहरी में शोक की लहर व्याप्त हो गई है ।जिला कचहरी में कार्य करने वाले तमाम अधिवक्ता जज तथा दूसरे कर्मचारी इस दुखदायी ख़बर से बेहद आहत व दुखी हैं।