Noida News: 15वीं मंजिल से गिरकर महिला वकील की मौत
Noida News
भारत
चेतना मंच
27 Nov 2025 05:36 PM
Noida News: सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक केपटाउन सोसाइटी में बीती रात एक महिला वकील संदिग्ध परिस्थितियों में 15 मंजिल से नीचे गिर गई। गंभीर रूप से घायल महिला वकील को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस आत्महत्या और दुर्घटना की गुत्थी में उलझी हुई है।
Noida News
आलोक सुमंत राय अपनी पत्नी व दो बेटियों के साथ सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक केपटाउन सोसाइटी के 15 मंजिल पर रह रहे हैं। उनकी बड़ी बेटी सोमा सुमंत राय एडवोकेट है और सेक्टर-63 में एक सीनियर वकील के साथ प्रैक्टिस कर रही है। बीती रात्रि करीब 12 बजे सोमा 15वी मंजिल से नीचे जमीन पर आ गिरी। गिरने के बाद सोमा के चिल्लाने पर सोसायटी के गार्ड ने इसकी सूचना सोमा के परिजनों व पुलिस को दी। मौके पर पहुंची थाना सेक्टर-113 पुलिस ने घायल सोमा को उपचार के लिए सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने सोमा को मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि सोमा पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में थी और उसकी दवाइयां चल रही थी। घटना के समय सोमा बालकनी में किसी से फोन पर बात कर रही थी। उन्होंने बताया कि पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि सोमा ने आत्महत्या की है अथवा वह पैर फिसलने के कारण 15 मंजिल से गिरी है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि घटना के समय सोमा किससे बात कर रही थी।