
Noida News (चेतना मंच)। महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में शिकायत दर्ज कराने के लिए अब जनपद गौतमबुद्धनगर के नागरिकों को अभी प्रतीक्षा करनी होगी, क्योंकि पहले से काम कर रही नोएडा पुलिस कमिश्नरेट की महिला सुरक्षा इकाई कुछ समय के लिए काम नहीं करेगी। गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह महिला सुरक्षा इकाई को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। बताया जाता है कि इस इकाई में काम कर रहे पुलिस अधिकारी और कर्मचारी लापरवाही बरत रहे थे और शिकायतों और विवेचनाओं का समय से निस्तारण नहीं हो पा रहा था।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने महिला संबंधी शिकायतों एवं विवेचनाओं का समय से निस्तारण ना होने पर कड़ा एक्शन लिया है। उन्होंने महिला सुरक्षा इकाई को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है। पुलिस कमिश्नर के इस फैसले से लापरवाह पुलिसकर्मियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को पिछले कुछ समय से महिला सुरक्षा इकाई द्वारा शिकायतों एवं विवेचना के निस्तारण में बरती जा रही लापरवाही की शिकायतें मिल रही थी। इस पर उन्होंने ग्रेटर नोएडा पुलिस उपायुक्त से जांच कराई। पुलिस उपायुक्त द्वारा दी गई आख्या के बाद उन्होंने तुरंत एक्शन लेते हुए महिला सुरक्षा इकाई को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया।
पुलिस कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि महिला सुरक्षा इकाई में नियुक्त पुलिसकर्मी अपने-अपने जोन के पुलिस उपायुक्त को रिपोर्ट करेंगे। संदर्भित विवेचना का पर्यवेक्षण तथा प्रशासनिक नियंत्रण संबंधित जोन के पुलिस उपायुक्त का रहेगा। संभावना जताई जा रही है कि नए सिरे से महिला सुरक्षा इकाई का गठन किया जाएगा और इस बार इकाई में उन पुलिस अफसरों को तैनाती दी जाएगी जो मामलों को गंभीरता से लेते हुए समय से शिकायतों और विवेचनाओं का निस्तारण करेंगे। Noida News