Noida News : नगली वाजिदपुर व गढ़ी समसपुर में चला पीला पंजा
भारत
चेतना मंच
19 May 2022 05:18 PM
Noida : नोएडा । नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी (Ritu Maheshwari, Chief Executive Officer of Noida Authority) के निर्देश पर वर्क सर्किल नौ व दस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की है। जिसमें करीब 109 करोड़ रुपये की 21 हजार 500 वर्ग मीटर जमीन को भूमाफिया के कब्जे से मुक्त कराया है।
प्राधिकरण के सर्किल-9 और सर्किल-10 की टीम ने सेक्टर-130 स्थित नंगली वाजिदपुर खसरा नंबर 98 व 99 और सेक्टर-150 स्थित गांव गढ़ी समसपुर खसरा नंबर 62, 63, 64, 65 करीब 21 हजार 500 वर्गमीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त किया गया। इसमें नंगली वाजिदपुर में करीब 1500 वर्गमीटर जमीन है। शेष जमीन गांव गढ़ी समसपुर गांव में है। प्राधिकरण वर्क सर्किल दस वरिष्ठ प्रबंधक केबी सिंह ने बताया कि इन जमीनों पर पक्का निर्माण किया गया था। जिनको जेसीबी की मदद से हटाया गया। इसके अलावा गढ़ी समसपुर गांव में कई कमरे और मकान बनाए जा रहे थे, इनको ढहाया गया। इस मामले में कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है। वर्क सर्किल नौ वरिष्ठ प्रबंधक विजय कुमार रावल ने बताया कि नंगली वाजिदपुर में चार से पांच कमरे बनाए गए थे, जिन्हें ध्वस्त किया गया है लेकिन दोपहर बाद यहां पर अवैध तरीके से सर्फाबाद निवासी सुखवीर खलीफा के नेतृत्व में नवल सिंह, उद्यम सिंह, विजय ने दीवारों की चिनाई कराने का प्रयास किया। ऐसे में प्राधिकरण के अवर अभियंता फुरकान अहमद और भूलेख विभाग लेखपाल महेश कुमार ने सरकारी काम में बाधा डालने व सरकारी संपत्ति पर कब्जा करने के खिलाफ शीर्ष अधिकारियों के निर्देश पर एक्सप्रेस-वे कोतवाली में एफआइआर दर्ज कराई गई है।
प्राधिकरण मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी ने कहा कि अवैध निर्माण कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। या तो वह खुद ही प्राधिकरण की अधिसूचित व अधिग्रहीत जमीन खाली कर दे अन्यथा प्राधिकरण को खाली करवानी पड़ेगी।