
Noida News : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मुगल इस देश में तब तक आराम से शासन करते रहे जब तक कि उन्होंने हमारे मंदिरों पर हमला नहीं किया। जब उन्होंने मंदिरों पर हमला करना शुरू किया तो उनका पतन होना शुरू हो गया। उन्होंने कहा कि इसकी बानगी कोलकाता में देखने को मिलती है। पता चला है कि कट्टर तथा हिन्दु विरोधी मुगल शासक औरंगजेब के वंशज आज कोलकाता में रिक्शा चला रहे हैं।
मुख्यमंत्री कल गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय में सेव कल्चर सेव इंडिया फाउंडेशन द्वारा आयोजित सेव कल्चर सेवल इंडिया मिशन के सम्मान कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की पहचान उसकी संस्कृति है। इसलिए कहा गया है-‘भारतस्य प्रतिष्ठे द्वे संस्कृतं संस्कृतिस्तथा’ यानी संस्कृत और संस्कृति भारत की पहचान है। इसका मतलब है कि भारत अपनी संस्कृति के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं कर सकता है। उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर समाज में कुछ भी नहीं परोसा जा सकता है। उसके भी कुछ नियम और कायदे हैं।
कार्यक्रम में सीएम योगी ने ‘सेव कल्चर सेव इंडिया मिशन’ की वेबसाइट लॉन्च की। इसके अलावा भारतीय संस्कृति की रक्षा करने वाले सांस्कृतिक योद्धाओं को फाउंडेशन की ओर से एक लाख रुपए और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया गया। सांस्कृतिक योद्धाओं को यह सम्मान सीएम योगी ने दिया। इनमें स्वच्छ साइबर भारत आंदोलन चलाने वाले अभय शाह, रचनात्मक ब्रांडिंग और ‘एक लडक़ी’ जैसी बहु चर्चित फिल्म बनाने वाले मनीष प्राणिया, वरिष्ठ लेखिका और पिक्सल की सीईओ वैशाली शाह, फिल्म निर्माता प्रवीण चतुर्वेदी, हिंदू जनजागरण समिति के प्रवक्ता रमेश शिंदे, पत्रकार स्वाति गोयल शर्मा, टीवी एंकर प्रदीप भंडारी, जेम्स ऑफ बॉलीवुड आंदोलन चलाने वाले संजीव नेवर, सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता विष्णु शंकर जैन शामिल रहे। इसके फाउंडेशन से जुड़े व्यापार और राजस्व सलाहकार उत्तम दवे, उद्योगपति उमेश छज्जे और वरिष्ठ अधिवक्ता अमित सिंह को सीएम योगी ने शाल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, केंद्रीय सूचना आयुक्त उदय माहुरकर, औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, संसदीय कार्य तथा औद्योगिक विकास के राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, लोकनिर्माण विभाग के राज्य मंत्री बृजेश सिंह समेत विश्विद्यालय के शिक्षक और छात्र मौजूद थे। Noida News