
Noida News : यदि आप नोएडा अथवा ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में फैक्ट्री लगाना चाहते हैं तो आसानी से लगा सकते हैं। फैक्ट्री लगाने के लिए औद्योगिक भूखंड अब लॉटरी यानि ड्रॉ द्वारा नहीं मिलेगा। अब आपके हुनर, योग्यता तथा आर्थिक क्षमता के आधार पर आपको फैक्ट्री लगाने के लिए प्लॉट मिलेगा।
नोएडा व ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में फैक्ट्री (उद्योग) लगाने के लिए भूखंड आवंटन की नीति में आमूल-चूल परिवर्तन कर दिया गया है। वर्ष-1976 में नोएडा की स्थापना से लेकर अब तक फैक्ट्री के भूखंडों के आवंटन के तरीकों में कई बार बदलाव किए गए हैं। आवंटन में बदलाव के सभी तरीके ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण भी अपनाता रहा। अब एक बार फिर नोएडा व ग्रेटर नोएडा में फैक्ट्री लगाने के लिए भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया बदली गयी है।
नई प्रक्रिया पर अभी तक विचार-विमर्श किया जा रहा था। अब नई प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया गया है। तय किया गया है कि नोएडा व ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में फैक्ट्री लगाने के लिए किस्मत के भरोसे होने वाले ड्रॉ के जरिए प्लॉट नहंीं मिलेगा। बल्कि उद्योग लगाने वाले के हुनर को नापकर साक्षात्कार तथा रैकिंग के आधार पर प्लॉट का आवंटन किया जाएगा।
आपको बता दें कि अब नोएडा तथा ग्रेटर नोएडा में औद्येागिक भूखंडों का आंवटन ड्रॉ, लाटरी अथवा ई-नीलामी से नहीं होगा। अब फैक्ट्री लगाने के इच्छुक उद्योगपतियों की एक मैरिट लिस्ट तैयार की जाएगी। मैरिट के आधार पर उद्योगपति का इंटरव्यू लिया जाएगा।
मैरिट व इंटरव्यू में मिलने वाले स्कोर के आधार पर नोएडा प्राधिकरण व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण फैक्ट्री लगाने के लिए भूखंड का आवंटन करेंगे। पूर्व की भांति स्कीम की घोषणा करके उद्योगपतियों से आवेदन मांगे जाएंगे इसके बाद मैरिट लिस्ट बनेगी फिर इंटरव्यू किया जाएगा। इस पूरी प्रक्रिया में सफल होते ही आवेदक को आवंटन-पत्र जारी कर दिया जाएगा।
नोएडा व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में फैक्ट्री लगाने के लिए एक मैरिट लिस्ट बनाने का फैसला किया है। यह मैरिट लिस्ट 100 अंकों की होगी। मैरिट लिस्ट में सर्वाधिक 20 अंक सनराईज सेक्टर का उद्योग लगाने वाले उद्योगपति को मिलेंगे।
जिस उद्योग में विदेश निवेश होगा उसके लिए 10 अंक, अपने उत्पाद को एक्सपोर्ट करने वाले के लिए 10 अंक, कुल पूंजी निवेश के आधार पर 10 अंक, आर्थिक स्थिति के लिए 10 अंक, तकनीकी योग्यता के लिए 10 अंक, टर्नओवर के लिए 10 अंक, स्टार्टअप के लिए 07 अंक, पहले से लगे हुए उद्योग के विस्तार करने पर 05 अंक, कितने रोजगार सृजित होंगे इसके लिए 05 अंक तथा महिलाओं व एससी/एसटी को आरक्षण देने के लिए 03 अंक निर्धारित किए गए हैं। इसी मैरिट लिस्ट के आधार पर आगे से नोएडा व ग्रेटर नोएडा शहर में फैक्ट्री लगाने के लिए प्लॉट आवंटित किए जांएगे।