
Noida News : नोएडा (चेतना मंच)। बरौला गांव में अपने घर में म्यूजिक पर डांस कर रहे एक युवक को गुमान नहीं था कि अचानक वह मौत के आगोश में समा जाएगा। डांस करते-करते युवक अचानक बेसुध होकर गिर गया परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
बरौला गांव में मोहम्मद आमिल अपने परिवार के साथ रह रहे हैं। वह बरौला में ही परचून की दुकान चलाते हैं। शनिवार देर रात उनका 22 वर्षीय बेटा आकिल घर में म्यूजिक चलाकर उस पर डांस कर रहा था। डांस करते-करते आकिल खान अचानक जमीन पर गिर कर बेसुध हो गया। आकिल की हालत को देखकर परिजन उसे तुरंत उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सकों ने हार्ट अटैक होने से आकिल की मौत होने की आशंका जताई। सूचना मिलने पर थाना सेक्टर 49 पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
ग्रेटर नोएडा– नोएडा की खबरों से अपडेट रहने के लिए चेतना मंच से जुड़े रहें। देश–दुनिया की लेटेस्ट खबरों से अपडेट रहने के लिए हमेंफेसबुकपर लाइक करें याट्विटरपर फॉलो करें।