Noida News : उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक सनसनीखेज और लोगों के होश उड़ाने वाली वारदात सामने आई है। नोएडा के गांव बरौला में एक युवक को पहले चाकू मारकर घायल कर दिया गया और फिर बाइक से बांधकर गांव में घसीटा गया। इतना करने के बाद हमलावर घायल युवक को पुलिस चौकी के सामने फेंक दिया तथा थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। उपचार के दौरान घायल की मौत हो गई।
मामला शनिवार की देर रात 11 बजे का है। नोएडा के थाना सेक्टर 49 क्षेत्रांतर्गत गांव बरौला से लेकर पुलिस चौकी तक अफरा तफरी मच गई। गांव वालों ने खौफनाक वारदात पर रोष जाहिर करते हुए पुलिस चौकी में तोड़फोड़ करने का प्रयास किया। चाकू मारने और गांव में घसीटने की वारदात की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन फानन में पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, गांव बरौला निवासी अनुज एक प्राइवेट अस्पताल में काम करता है और उसका चचेरे भाई नितिन का दूध का काम है। अनुज और नितिन की गांव के रहने वाले मेहंदी हसन से शनिवार रात करीब 11 बजे को कहासुनी हो गई। अनुज और नितिन ने मेहंदी हसन को चाकू मार दिया और बाइक में बांधकर पूरे गांव में घसीटा। इसके बाद दोनों मेहंदी हसन को घसीटते हुए बरौला पुलिस चौकी पहुंचे, तब तक वहां काफी संख्या में लोग भी इकट्ठा हो गए थे। पुलिस चौकी में तोड़फोड़ का प्रयास किया गया। इस घटना के बाद पुलिस चौकी के आसपास अफरा-तफरी मच गई और घायल मेहंदी हसन को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
नोएडा के एडिशनल डीसीपी मनीष मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2018 में मेहंदी हसन ने अनुज के पिता को चाकू मारकर घायल कर दिया था। मेहंदी हसन के खिलाफ स्थानीय थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। तब से अनुज मेहंदी हसन से रंजिश रखता था। हाल के दिनों में कोर्ट से मेहंदी हसन के खिलाफ वारंट भी जारी होने की बात कही गई है। मेहंदी हसन और अनुज के बीच कई बार कहासुनी हुई थी। इसी को लेकर दोनों में तनातनी चल रही थी।
अपने पिता के ऊपर हुए कातिलाना हमले के बाद बदला लेने के लिए अनुज ने मेहंदी हसन को बाइक के पीछे रस्सी से बांधकर पूरे गांव में घुमाया तो गांव में हड़कंप मच गया। बताया जाता है कि उसे तब तक बाइक में बांधकर घुमाया गया जब तक उसकी जान नहीं चली गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।