
Noida News : नोएडा के थाना सेक्टर-49 क्षेत्र के सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर रविवार की रात एक युवक तमंचा लेकर पहुंचा। जांच के दौरान सीआइएसएफ के जवान ने तलाशी के दौरान तमंचा बरामद कर लिया। आरोपी युवक को पुलिस को सौंप दिया गया है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ अवैध हथियार रखने का मुकदमा दर्ज किया है।
सीआइएसएफ के उप निरीक्षक नीरज कुशवाह ने दर्ज कराई एफआइआर में बताया रविवार की शाम वह सेक्टर-52 मेट्रो स्टेशन पर ड्यूटी कर रहे थे। रात करीब आठ बजकर 23 मिनट पर एक यात्री आया। उसने बताया कि उसके पास हस्तनिर्मित तमंचा है। सुरक्षाकर्मियों ने उससे दिखाने को कहा।
उसने बताया कि वह गलती से तमंचा अपने साथ ले आया है। आरोपी ने अपना नाम मुनव्वर निवासी जाकिर करालोनी मेरठ बताया। सीआइएसएफ के जवानों ने आरोपी मुनव्वर को हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक संदीप चौधरी का कहना है कि आरोपित के खिलाफ अवैध हथियार रखने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है कि वह तमंचा कहां से लाया था। तमंचा लेकर कहां जा रहा था। उसका इरादा कोई वारदात करने का था। साथ ही मेरठ पुलिस से संपर्क साधकर जानकारी की जा रही है कि कहीं मुनव्वर का कोई आपराधिक इतिहास तो नहीं है। Noida News