
Noida News : (चेतना मंच)। थाना बिसरख क्षेत्र के तिगरी गांव के पास एक युवक हिंडन नदी में डूब गया। युवक की तलाश के लिए NDRF और SDRF की टीम हिंडन नदी में सर्च अभियान चला रही है।
थाना प्रभारी अनिल कुमार राजपूत ने बताया कि मंगलवार देर शाम डॉयल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि तिगरी गांव के सिटी साइंस स्कूल के पास एक युवक हिंडन नदी में डूब गया है। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से सर्च अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि तिगरी गांव में रहने वाला भंवरपाल पुत्र रामस्वरूप अचानक पैर फिसलने के कारण हिंडन नदी में जा गिरा था। उसे नदी में गिरता देखकर लोगों ने शोर मचाया और कुछ लोगों ने उसे बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।
भंवरपाल मूल रूप से ग्राम बघीहार थाना विजयनगर जनपद अलीगढ़ का रहने वाला है। बुधवार को दूसरे दिन भी सुबह से ही एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम भंवरपाल की तलाश के लिए सर्च अभियान चला रही है। हिंडन नदी का जलस्तर बढऩे के कारण टीम भंवरपाल के बहकर आगे जाने की आशंका जता रही हैं।