Noida News:गरीबों को दवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा: डा.महेश
नोएडा
RP Raghuvanshi
28 Nov 2025 01:51 AM
नोएडा। गरीबों को अब दवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। शहर में नोएडा लोकमंच द्वारा अनोखा दवा बैंक प्रारंभ किया है जिसमें जरूरतमंदों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध होंगी। सेक्टर-12 के सामुदायिक केन्द्र में इस दवा बैंक का उदघाटन गौतमबुद्धनगर के सांसद व पूर्व केन्द्रीय मंत्री डा. महेश शर्मा व नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती रितु माहेश्वरी ने किया।
सेक्टर-12 सामुदायिक केन्द्र में नोएडा दवा बैंक के उद्घाटन अवसर पर सांसद डा. महेश शर्मा ने कहा कि देश में यह दवा बैंक अपनी तरह का दूसरा बैंक है। पहला बैंक मुंबई में है। उन्होंने कहा कि गरीब तबके के बीच में इस बैंक के खुलने से एक सकारात्मक संदेश जाएगा और जो लोग दवाओं के अभाव में अपनी जान गवां देते हैं इस बैंक से उनको लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि देश के तमाम जनपदों में कार्य कर रही सामाजिक संस्थाओं को लोकमंच से सीख लेते हुए इस तरह के बैंक खोलने चाहिए।
सांसद ने कहा कि इस अनोखी पहल का लाभ उन सभी को होगा जो महंगी दवाईयां नहीं खरीद पाते उन्हें यहां नि:शुल्क दवाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि दवाईयों का कोष कम न पड़े इसके लिए वह हमेशा प्रयास करेंगे। अब गरीबों को दवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि इस दवा बैंक की प्रेरणास्रोत नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी हैं जिनके प्रयासों से आज नोएडा में विकास कार्य तेजी के साथ हो रहे हैं। प्राधिकरण की सीईओ ने शहर को नई पहचान दी है। शहर में टॉयलेट हों, फ्लाईओवर का निर्माण, पार्कों का सुंदरीकरण तथा प्राधिकरण के कार्यों में पारदार्शिता लाना हो यह सभी कार्य सीईओ रितु माहेश्वरी के कुशल नेतृत्व में प्राधिकरण के अधिकारियों ने किये हैं।
नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना ने इस अवसर पर बताया कि इस बैंक में डाक्टर का पर्चा दिखाने के बाद नि:शुल्क दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। शहरवासी इस बैंक में बची हुई दवाएं दान कर सकते हैं। इन दवाओं का उपयोग गरीब व जरूरतमंद लोगों के लिए किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व राज्यपाल प्रभात कुमार, पूर्व आईपीएस अधिकारी जेपी शर्मा, पी.के अग्रवाल, नोएडा प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी इंदु प्रकाश, फोनरवा अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा, एनईए अध्यक्ष विपिन कुमार मल्हन, समाजसेवी अशोक श्रीवास्तव, मुकुल वाजपेयी, मीनाक्षी त्यागी, नोएडा एम्पलाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष चौ. कुशलपाल, पूर्व अध्यक्ष राजकुमार चौधरी, रागेश्वरी त्यागराजन सहित बडी संख्या में समाजसेवी व शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।