Noida News:15 मई तक दो नए फुट ओवर ब्रिज होंगे चालू
भारत
चेतना मंच
26 Nov 2025 08:26 AM
नोएडा । सभी फुटओवर ब्रिज (एफओबी) पर अब सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे। वहीं 15 मई तक दो नये एफओबी भी शुरू हो जाएंगे। यह निर्देश दिये नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्र्यपालक अधिकारी रितु माहेश्वरी ने।
सीईओ रितु महेश्वरी ने कहा कि अब सभी एफओबी पर नियमित रूप से सुरक्षा गार्ड तैनात किए जाएंगे। सभी एफओबी की साफ-सफाई, लिफ्ट का संचालन और ट्राई कलर लाइटिंग आदि काम जल्दी से जल्दी पूरा किया जाए। पूरी तरह से व्यवस्था होने पर रिपोर्ट दी जाए। इन व्यवस्थाओं की जांच के लिए औचक निरीक्षण किया जाएगा। जहां गड़बड़ी या कमी पाई जाएंगी, वहां जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सभी फुटओवर ब्रिज में दोनों और लिफ्ट लगाई गई हैं, जिससे बुजुर्ग और दिव्यांग इनका आसानी से उपयोग कर सकें। देखने में आता है कि एजेंसियां बिजली का बिल कम करने के लिए लिफ्ट बंद कर देती हैं। जिसके चलते दिव्यांग और बुजुर्ग एफओबी इस्तेमाल नहीं कर पाते हैं। सिक्योरिटी गार्ड लिफ्ट बंद नहीं होने देंगे। साफ-सफाई का पूरा ख्याल रखेंगे। फुटओवर ब्रिज पर गंदगी फैलाने वालों को भी रोकेंगे। प्राधिकरण के अफसर नियमित रूप से एफओबी की जांच करने जाएंगे। नियमित रूप से रिपोर्ट अफसरों को भेजी जाएंगी।
रितु महेश्वरी ने बताया कि शहर में 15 मई तक दो नए एफओबी शुरू हो जाएंगे। इनमें से एक एफओबी नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर और दूसरा सेक्टर-100-104 के बीच बन रहा है। सेक्टर-100 वाला एफओबी 30 अप्रैल तक शुरू हो जाएगा। आपको बता दें कि शहर में एफओबी का निर्माण बिल्ट, ऑपरेट, ट्रांसफर (बीओटी) के आधार पर करवाया जा रहा है। जो एजेंसियां इनका निर्माण कर रही हैं, उन्हें लंबी अवधि तक इन पर विज्ञापन लगाने के अधिकार दिए गए हैं। जिनके जरिए कंपनी अपनी लागत वसूल करेंगी। कंपनी को पूरी लागत वापस मिलने के बाद फुटओवर ब्रिज नोएडा अथॉरिटी को ट्रांसफर कर दिए जाएंगे।