नोएडा । स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 के मद्देनजर आज नोएडा प्राधिकरण ने शहर के विभिन्न संगठनों के साथ जागरूकता बैठक की तथा कार्यशाला का भी आयोजन किया गया।
सेक्टर-6 स्थित इंदिरा गांधी कला केंद्र के प्रेक्षागृह में आज बड़े कचरा उत्सर्जकों की भूमिका तथा जिम्मेदारियों को लेकर एक कार्यशाला भी आयोजित की गई। वहीं शहर के विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को स्वच्छ सर्वेक्षण को लेकर कई सारगर्भित जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीण मिश्रा मौजूद थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शहर के सभी संगठनों तथा हर नागरिक के सहयोग से ही शहर को और भी बेहतर स्वच्छ तथा सुंदर बनाया जा सकता है। यह शहर हम सभी का है। इसको स्वच्छ तथा सुंदर बनाने में हम सब मिलकर सहयोग करें उन्होंने कहा कि नोएडा प्राधिकरण तो अपने स्तर पर हर संभव प्रयास कर ही रहा है। लेकिन आप सभी का जन सहयोग भी इस दिशा में कारगर कदम उठा सकता है।
इस अवसर पर नोएडा के सभी सेक्टरों के आरडब्लूए, फोनरवा के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा, नोबरा के अध्यक्ष रंजन तोमर, ग्रामीण आरडब्लूए अटटा के अध्यक्ष राजेश अवाना, नोएडा एंटरप्रेन्योर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन मल्हन, नोएडा एम्पलाईज एसोसिएशन के अध्यक्ष चौ. कुशलपाल, बहुमंजिला सोसाइटी के ओएए, विभिन्न अस्पतालों और नर्सिंग होम, होटल व रेस्त्रां उद्योग, नोएडा के स्कूल व कालेज, मार्केट एसोसिएशन के कई प्रतिनिधि मौजूद थे।
प्राधिकरण की ओर से ओएसडी डॉ. अविनाश त्रिपाठी, ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह, मुख्य महाप्रबंधक राजीव त्यागी, जन स्वास्थ विभाग के उप महाप्रबंधक एस सी मिश्रा, वरिष्ठ प्रबंधक विजय रावत समेत कई अधिकारी मौजूद थे।