
Noida News: किराये पर मकान लेने के बहाने घर में घुसकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर चोरों को थाना फेस-2 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से चोरी के 10 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, दो गैस सिलेंडर, चार खाली पर्स बरामद हुए हैं।
थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि याकूबपुर गांव में गत दिनों दो मकानों में चोरी की घटनाएं हुई थी। इस मामले की विवेचना सेक्टर-85 चौकी इंचार्ज कोमल कुंतल कर रहे थे। विवेचना के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की गई तो दो संदिग्ध व्यक्ति एक घर से निकलते हुए दिखाई दिए।
चौकी प्रभारी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर रहमत और महबूब को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 10 मोबाइल फोन, दो लैपटॉप, दो गैस सिलेंडर, खाली पर्स बरामद हुए। पकड़े गए आरोपियों ने चोरी की दर्जनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। आरोपी किराये पर कमरा लेने के लिए बहाने से घरों में घुसते थे और मौका पाकर चोरी की घटना को अंजाम देकर रफूचक्कर हो जाते थे। पकड़े गए आरोपियों के अपराधिक इतिहास के बारे में छानबीन की जा रही है।
थाना फेस 2 पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। इसके पास से चोरी की बाइक बरामद हुई है। थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस याकूबपुर गांव के चौराहे के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
इस दौरान मुखबिर के इशारे पर एक बाइक को जांच के लिए रोका गया। पुलिस के मांगने पर बाइक सवार कागजात नहीं दिखा पाया। संदेह के आधार पर की गई पूछताछ में उसने कबूल किया कि उक्त बाइक चोरी की है। आरोपी ने अपना नाम प्रेम प्रकाश पुत्र बनवारी लाल निवासी हरदोई बताया। आरोपी ने कबूल किया कि उसने यह बाइक गत दिनों नयागांव क्षेत्र से चोरी की थी। आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया है।