नोएडा में अपराधियों की शामत! CM योगी के दौरे से पहले 4 बदमाश मुठभेड़ में ढेर
भारत
चेतना मंच
29 Nov 2025 11:44 AM
गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस सक्रिय बदमाशों पर कहर बनकर टूट रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नोएडा आगमन से पहले शुक्रवार की रात बदमाशों के लिए कहर की रात साबित हुई। कमिश्नरेट के अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में चार बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक शातिर लुटेरे को गिरफ्तार किया है। इसके पास से तमंचा कारतूस चोरी की स्कूटी व नगदी बरामद हुई है। Noida News
पुलिसकर्मियों पर की फायरिंग
नोएडा जोन के डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि थाना सेक्टर-58 प्रभारी अमित कुमार पुलिस टीम के साथ एनआईबी चौकी के पास वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। पुलिस को चैकिंग करता देखकर स्कूटी सवार सर्विस रोड की तरफ मुड़कर सेक्टर-62 की तरफ भागने लगा। संदेह के आधार पर पुलिसकर्मियों ने पीछा किया तो उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में स्कूटी सवार के पैर में गोली लगी और वह गिर गया इसके बाद पुलिसकर्मियों ने उसे दबोच लिया। घायल बदमाश ने अपना नाम अजय ईश्वर पुत्र ज्ञान सिंह निवासी न्यू सीलमपुर दिल्ली बताया। इसके पास से तमंचा, कारतूस, 4000 व चोरी की स्कूटी बरामद हुई। पकड़े गए अजय ईश्वर ने बताया कि वह अपने साथी अमन और विजय के साथ मिलकर चोरी की स्कूटी पर सवार होकर राहगीरों से चेन, पर्स व मोबाइल फोन छीनने की घटनाओं को अंजाम देता है। उसके पास से बरामद स्कूटी उसने दिल्ली के एक अस्पताल के बाहर से करीब 4 साल पूर्व चोरी की थी।
विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज है मुकदमा
डीसीपी ने बताया कि अमन व विजय ने 25 अगस्त को सेक्टर-62 के बी ब्लॉक मार्केट से एक व्यक्ति से उसकी चेन छीन ली थी। मुठभेड़ में घायल हुए अजय व ईश्वर पर दिल्ली के विभिन्न थानों में 8 मुकदमे पंजीकृत हैं। डीसीपी ने बताया कि थाना सेक्टर-24 पुलिस की एआरटीओ कार्यालय के पीछे गंदे नाले पर एक बदमाश से मुठभेड़ हो गई। नाले पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थाना प्रभारी विद्युत गोयल व उनकी टीम को देखकर बाइक पर आ रहा युवक भागने लगा। पीछा करने पर उसने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के गोली लगी। घायल बदमाश की पहचान निखिल उर्फ वीराना उर्फ नितिन पुत्र लांगुरिया और सूरज निवासी दिलशाद गार्डन दिल्ली के रूप में हुई। जिसके पास से चोरी की बाइक, तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। पकड़े गए बदमाश पर दिल्ली के विभिन्न थाना क्षेत्रों में 10 मुकदमे पंजीकृत हैं।
पुलिस कर रही फरार साथी की तलाश
डीसीपी ने बताया कि तीसरी मुठभेड़ थाना फेस-1 पुलिस व 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश के बीच हुई। थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस टीम के साथ सेक्टर-14ए नाले की पटरी पर पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। दिल्ली की तरफ से बाइक पर आ रहे दो युवकों को पुलिस टीम में रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर बाइक सवारों ने अपनी बाइक मोडकर भागने का प्रयास किया। हड़बड़ी में उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। जबकि दूसरा मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।
डीसीपी ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान दानिश पुत्र मंजूर अली निवासी मयूर विहार थाना अशोकनगर दिल्ली के रूप में हुई। आरोपी मूल रूप से नई बस्ती कस्बा थाना शिकारपुर का रहने वाला है। इसके पास से तमंचा, कारतूस, छीने गए दो मोबाइल फोन व बाइक बरामद हुई है। उन्होंने बताया कि दानिश थाना फेस-3 क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है और इस पर 25000 रूपये का इनाम घोषित था। दानिश अपने शौक को पूरा करने के लिए साथी के साथ मिलकर स्नैचिंग व लूट की घटनाओं को अंजाम देता है। पुलिस इसके फरार साथी की तलाश कर रही है।
आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज
डीसीपी ने बताया कि चौथी मुठभेड़ थाना सेक्टर-126 क्षेत्र में हुई। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ पुश्ता रोड पर चेकिंग कर रहे थे। चैकिंग के दौरान पुलिस ने एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया। बाइक सवार ने रुकने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और भागने लगा। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान रवि रंजन कुमार उर्फ बहादुर बादशाह निवासी जनपद नवादा बिहार के रूप में हुई। आरोपी हाल में गेझा गांव में रह रहा है। इसके पास से तमंचा, कारतूस, चोरी की बाइक बरामद हुई। पकड़े गए बदमाश ने बताया कि उससे बरामद बाइक उसने थाना कविनगर क्षेत्र से चोरी की थी। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। Noida News