विज्ञापन
नोएडा में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन कथित मादक द्रव्य तस्करों को गिरफ्तार किया है।

Noida News : नोएडा में मादक पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। नोएडा के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन कथित मादक द्रव्य तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से कुल मिलाकर बड़ी मात्रा में गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है।
नोएडा के थाना सेक्टर-20 क्षेत्र में गश्त के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति बीएसएनएल ऑफिस के पास गांजा लेकर खड़ा है और उसे बेचने की फिराक में है। सूचना मिलते ही नोएडा पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 840 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान अतुल शर्मा पुत्र मुरारीलाल शर्मा, निवासी न्यू कुंडली, मयूर विहार, दिल्ली के रूप में बताई। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह नशे के आदी लोगों को गांजा बेचकर अपना खर्च चलाता है।
इसी क्रम में नोएडा के थाना सेक्टर-20 पुलिस ने सेक्टर-31 स्थित भगत सिंह पार्क के पास एक युवक को संदिग्ध हालात में घूमते देखा। शक होने पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर तलाशी ली। तलाशी में उसके पास से 700 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजोग उर्फ काले पुत्र करण, निवासी अगाहपुर बताया। नोएडा पुलिस अब यह भी पता लगाने में जुटी है कि वह गांजा कहां से लाता था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करता था।
वहीं, नोएडा के थाना सेक्टर-49 पुलिस ने गश्त के दौरान सेक्टर-51 स्थित एक पार्क के पास खड़े एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास से 825 ग्राम गांजा बरामद किया गया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान अंकुर पुत्र मंगू लाल, निवासी मुजफ्फरनगर के रूप में बताई। नोएडा पुलिस का कहना है कि आरोपी क्षेत्र में गांजा बेचने के उद्देश्य से मौजूद था। पुलिस अब उसके नेटवर्क और संपर्कों की भी जांच कर रही है। Noida News
विज्ञापन