राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक सूचनाएं और वीडियो साझा कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश के आरोप में गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त कदम उठाया है।

Noida News : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों के बीच सोशल मीडिया पर कथित भ्रामक सूचनाएं और वीडियो साझा कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश के आरोप में गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त कदम उठाया है। साइबर थाना पुलिस ने तीन सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों के खिलाफ दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का आरोप है कि बिना तथ्यात्मक आधार के वीडियो और दावे प्रसारित कर लोगों को गुमराह करने तथा सामाजिक माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया गया। Noida News
पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई को इंस्टाग्राम अकाउंट 'जंतर-मंतर लाइव 24 सच की बात जेन जेड' से एक वीडियो पोस्ट किया गया। पोस्ट में दावा किया गया कि नोएडा के सेक्टर-63 में 45 हजार से अधिक श्रमिक वेतन वृद्धि की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, जिससे सेक्टर-63 और चिल्ला बॉर्डर क्षेत्र में यातायात प्रभावित हो गया है। साइबर थाना पुलिस की जांच में यह दावा असत्य पाया गया। अधिकारियों का कहना है कि वर्तमान में नोएडा में इस प्रकार का कोई श्रमिक आंदोलन नहीं चल रहा है। पुलिस के मुताबिक, वेतन वृद्धि से संबंधित निर्णय पहले ही राज्य सरकार द्वारा लिए जा चुके हैं। ऐसे में इस तरह की पोस्ट को भ्रामक बताते हुए पुलिस ने इसे कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश माना है। Noida News
दूसरी FIR इंस्टाग्राम अकाउंट 'चर्चा जंक्शन न्यूज' और एक्स (पूर्व में ट्विटर) के 'Truthful Critical' अकाउंट के खिलाफ दर्ज की गई है। FIR के मुताबिक, इन अकाउंट्स से एक वीडियो साझा किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों द्वारा आम लोगों के साथ कथित अभद्र व्यवहार किए जाने का दावा किया गया। पोस्ट में यह भी उल्लेख था कि वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है और यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब और किस स्थान का है। इसके बावजूद लोगों से पुलिस की कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देने और टिप्पणी करने की अपील की गई। पुलिस का कहना है कि दोनों मामलों में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर ऐसा नैरेटिव तैयार करने की कोशिश की गई, जिससे लोगों में भ्रम की स्थिति पैदा हो और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित हो। अधिकारियों के अनुसार, बिना सत्यापन के संवेदनशील विषयों से जुड़े वीडियो और दावे साझा करना गंभीर मामला है, जिसकी कानूनी जांच की जा रही है। Noida News
साइबर थाना पुलिस ने दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर डिजिटल साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। संबंधित सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि यदि जांच में भ्रामक जानकारी फैलाने और कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की मंशा सामने आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। Noida News
विज्ञापन