विज्ञापन
नोएडा शहर में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए नोएडा पुलिस लगातार सख्ती दिखा रही है। इसी क्रम में नोएडा के थाना सेक्टर 49 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग जगहों से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पास से गांजा बरामद हुआ है।

Noida News : नोएडा शहर में नशे के अवैध कारोबार पर लगाम कसने के लिए नोएडा पुलिस लगातार सख्ती दिखा रही है। इसी क्रम में नोएडा के थाना सेक्टर 49 पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग जगहों से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के पास से गांजा बरामद हुआ है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपी नोएडा में नशे के आदी लोगों और मजदूरी करने वाले लोगों के बीच गांजा बेचते थे।
नोएडा पुलिस को गश्त के दौरान सूचना मिली कि बरौला गांव के पास श्मशान घाट के पीछे एक युवक गांजा बेच रहा है। सूचना मिलते ही सेक्टर 49 थाना पुलिस हरकत में आई और मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। वहां संदिग्ध हालात में खड़े युवक को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से 920 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान फरदीन उर्फ सोहन के रूप में हुई। वह गाजियाबाद के कैला भट्टा इलाके का रहने वाला है और फिलहाल नोएडा के बरौला गांव में किराये पर रह रहा था। शुरुआती पूछताछ में उसने बताया कि वह दिल्ली से गांजा लाकर नोएडा में छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था।
नोएडा के सेक्टर 49 थाना क्षेत्र में ही पुलिस को दूसरी बड़ी कामयाबी भी मिली। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने सेक्टर 47 स्थित जलवायु टावर के पास से एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया। पकड़े गए युवक के पास से 900 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी ने अपना नाम मुफीद बताया, जो गाजियाबाद के इस्लामनगर इलाके का रहने वाला है। पुलिस पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह दिहाड़ी मजदूरों और नशे के आदी लोगों को गांजा बेचता था। नोएडा पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन दोनों का नेटवर्क किन-किन इलाकों तक फैला हुआ था।
नोएडा पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद दोनों को अदालत में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि नोएडा में नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। Noida News
विज्ञापन