
Noida News : बिहार तथा दिल्ली में तैयार हो रही नकली करेंसी को मंगाकर छोटे कस्बों, देहात व मार्केट में खपा रहे गिरोह के 5 सदस्यों को थाना सेक्टर 24 पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से 6,48,000 की नकली भारतीय करेंसी बरामद हुई है। इस गिरोह का सरगना कुवैत में रहकर इंस्टाग्राम व व्हाट्सएप के जरिए अपने भाइयों की मदद से नकली करेंसी की डिलीवरी कराता था।
नोएडा जोन के एडीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने सेक्टर 35 के मोरना बस स्टैंड के पास से फैज खान उर्फ नवाब, आयुष गुप्ता, शिबू खान, आदित्य गुप्ता व हरिओम अत्री को गिरफ्तार किया। तलाशी में इनके पास से 6,48,000 की नकली भारतीय करेंसी बरामद हुई। बरामद करेंसी में 2000, 500 और 200 के नकली नोट शामिल हैं।
इस गिरोह के सरगना फैज खान उर्फ नवाब ने बताया कि वेब सीरीज पर शाहिद कपूर की फिल्म फर्जी देखकर उसे नकली करेंसी को बाजार में चलाने का आइडिया आया। उसने फर्जी फिल्म वेब सीरीज देखने के लिए यूट्यूब पर सर्च किया तो उस पर फर्जी करेंसी के नाम से वीडियो ओपन हुई। वीडियो के कमेंट बॉक्स में बहुत सारे लोगों के नाम और नंबर थे जिनमें से एक नंबर पर उसकी सिंघानिया नामक व्यक्ति से बातचीत हुई।
फैज खान ने बताया कि सिंघानिया ही उसे 500 रुपए के नकली नकली नोट देता था। इन नकली नोटों को वह इंस्टाग्राम व अपने व्हाट्सएप वर्चुअल नंबर के जरिए अपने भाई मोबीन व शिबू के माध्यम से डिलीवरी कराता था। एडीसीपी ने बताया कि कि फैज खान उर्फ नवाब गत 2 अप्रैल को कुवैत से भारत आया है और वह विदेश में रहकर नकली नोटों के कारोबार को चला रहा था। एडीसीपी ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी फर्जी फिल्म को देखकर इंस्टाग्राम तथा अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फर्जी करेंसी के नाम से अकाउंट बनाकर एक दूसरे के संपर्क में आए थे। व्हाट्सएप के वर्चुअल नंबर से नकली भारतीय करेंसी को वह बिहार तथा दिल्ली से मंगा कर छोटे कस्बे, देहात व मार्केट में चला रहे थे।
इस गिरोह का सरगना फैज खान उर्फ नवाब कुवैत में रहने के बावजूद बिहार, उत्तर प्रदेश, लखनऊ, नोएडा, राजस्थान के जयपुर तथा दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में अपने भाइयों के माध्यम से इस कारोबार को चला रहा था। आरोपियों ने अब तक भारतीय बाजार में लाखों रुपए की नकली करेंसी को खपाना स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के पकड़े जाने व इनसे नकली करेंसी बरामद होने की सूचना गुप्तचर एजेंसियों को दे दी गई है। Noida News