नोएडा में दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव राकेश मेहता की आत्महत्या के मामले में पुलिस जांच में बड़ा सुराग सामने आया है। नोएडा के सेक्टर-82 स्थित आवास से मिले सुसाइड नोट में लंबे समय से चल रही स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का जिक्र किया गया है।

Noida News : दिल्ली के पूर्व मुख्य सचिव और 1975 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राकेश मेहता की नोएडा में हुई आत्महत्या के मामले में नोएडा पुलिस की जांच में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। पुलिस को सेक्टर-82 स्थित उनके आवास से एक सुसाइड नोट मिला है। प्रारंभिक जांच के अनुसार, नोट में उन्होंने लंबे समय से चल रही स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों को अपनी मौत की वजह बताया है और किसी भी व्यक्ति को इसके लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया है। Noida News
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सुसाइड नोट को जांच में अहम साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है। नोट में राकेश मेहता ने अपनी बीमारी और लगातार बनी हुई स्वास्थ्य समस्याओं का उल्लेख किया है। पुलिस अब नोट की लिखावट, उसकी प्रामाणिकता और घटनास्थल से जुटाए गए अन्य साक्ष्यों का फॉरेंसिक परीक्षण करा रही है। परिवार से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, वह हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और अन्य स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। उन्हें हाथ-पैर में कंपन जैसी दिक्कतें भी थीं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फॉरेंसिक निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। Noida News
राकेश मेहता नोएडा के सेक्टर-82 स्थित केंद्रीय विहार-2 में किराये के फ्लैट में करीब पांच वर्षों से रह रहे थे। उनकी पत्नी भी सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य देहरादून और उनकी बेटी लंदन में रहती हैं। पुलिस के अनुसार, शनिवार रात उनकी पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद रविवार को परिवार के लोगों ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला । Noida News
विज्ञापन