विज्ञापन
नोएडा शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नोएडा पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इन तीनों के कब्जे से अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं।

Noida News : नोएडा शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नोएडा पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, इन तीनों के कब्जे से अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए गए हैं। शुरुआती पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी इन हथियारों को लोगों में डर का माहौल बनाने और दबाव बनाने के लिए अपने पास रखते थे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नोएडा के विभिन्न इलाकों में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए लगातार चेकिंग और गश्त की जा रही है। इसी अभियान के दौरान थाना सेक्टर-49, थाना सेक्टर-39 और थाना फेस-2 पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से इन आरोपियों को पकड़ा।
नोएडा के सेक्टर-49 थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मेट्रो स्टेशन के आसपास एक संदिग्ध युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा और कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान विक्रम उर्फ काली, पुत्र प्रेम कुमार वर्मा, निवासी बरौला के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने प्रारंभिक पूछताछ में कहा कि वह लोगों को डराने-धमकाने के लिए हथियार अपने पास रखता था।
उधर, नोएडा के थाना सेक्टर-39 की पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि महर्षि आश्रम के गेट नंबर-1 के पास एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा है और उसके पास अवैध असलाहा हो सकता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और संदिग्ध को हिरासत में ले लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से भी तमंचा और कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में उसने अपना नाम अदनान हुसैन, पुत्र मुबारक हुसैन, निवासी त्रिलोकपुरी, दिल्ली बताया। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने स्वीकार किया कि वह हथियार अपने प्रभाव और डर का माहौल बनाने के लिए साथ रखता था।
इसी क्रम में नोएडा के थाना फेस-2 पुलिस ने याकूबपुर गांव के पास संदिग्ध अवस्था में घूम रहे एक व्यक्ति को रोका और उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक तमंचा और कारतूस बरामद किया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम शिव, पुत्र जितेंद्र, मूल निवासी बुलंदशहर बताया। पुलिस के अनुसार, आरोपी फिलहाल नोएडा के याकूबपुर गांव में किराये पर रह रहा था।
नोएडा पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इनका संबंध किसी अन्य आपराधिक गतिविधि या गिरोह से तो नहीं है। पुलिस अब आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और उनकी गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही है। Noida News
विज्ञापन