नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पुलिस लाइन्स गौतमबुद्धनगर में पेंशनर्स कक्ष का उद्घाटन किया। रिटायर्ड पुलिसकर्मियों की समस्याओं के समाधान और उनके अनुभवों के उपयोग की पहल।

Noida News : नोएडा की पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल की है। गौतमबुद्धनगर पुलिस लाइन्स में अब सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए नवस्थापित पेंशनर्स कक्ष उपलब्ध होगा। शनिवार को पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने पुलिस लाइन्स में इस पेंशनर्स कक्ष का उद्घाटन किया। पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी और कर्मचारी पुलिस संगठन की अमूल्य धरोहर हैं। अपने लंबे सेवाकाल के दौरान अर्जित उनके अनुभव, कार्यकुशलता और सेवा भावना का उपयोग पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा जनोन्मुखी बनाने में किया जा सकता है।

नवस्थापित पेंशनर्स कक्ष का मुख्य उद्देश्य सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानजनक, सुव्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। यहां सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी अपनी समस्याएं रख सकेंगे और उनके समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान का प्रयास किया जाएगा। नोएडा की पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के अनुभव और सुझावों को पुलिस व्यवस्था, जनसेवा तथा संगठनात्मक कार्यों को और मजबूत बनाने में उपयोग किया जाएगा। इससे सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और वर्तमान पुलिस संगठन के बीच संवाद एवं समन्वय को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
उद्घाटन कार्यक्रम में मौजूद सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की इस पहल की सराहना की। उन्होंने नोएडा की पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पेंशनर्स कक्ष से सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए एक व्यवस्थित मंच मिलेगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह कक्ष सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों और पुलिस संगठन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
पेंशनर्स कक्ष के उद्घाटन के अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय अजय कुमार, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय शैव्या गोयल, सहायक पुलिस आयुक्त लाइन्स शकील मोहम्मद सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त पुलिस अधीक्षक एवं उत्तर प्रदेश पुलिस पेंशनर्स कल्याण संस्थान, शाखा गौतमबुद्धनगर के अध्यक्ष अजीत सिंह, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक एवं पीपीएस वेलफेयर एसोसिएशन गौतमबुद्धनगर के समन्वयक सेवक राम यादव, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक एवं उत्तर प्रदेश पुलिस पेंशनर्स कल्याण संस्थान के महासचिव रघुराज सिंह चौहान, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक एवं संस्थान के कोषाध्यक्ष मोहम्मद अख्तर, सेवानिवृत्त पुलिस उपाधीक्षक एवं संस्थान के सदस्य आर.के. सिंह तथा संस्थान के सचिव यदुराज सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी मौजूद रहे। नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की इस पहल को सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों के सम्मान और उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। Noida News
विज्ञापन