गिझोड गांव से एक छात्रा के अपहरण की सूचना मिलने से आज सुबह-सुबह पुलिस महकमें में हडकंप पहुंच गया। अपहरण की सूचना पर नोएडा के थाना सेक्टर-24 पुलिस तुरंत हरकत में आ गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महज एक घंटे के भीतर किशोरी को सकुशल बरामद कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। पकड़ा गया आरोपी पूर्व में छात्रा के स्कूल में ही पढ़ता था। गलत आचरण के कारण उसे एक साल पहले स्कूल से निकाल दिया गया था। इस घटना का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। Noida Samachar
सुबह किया था छात्रा को अगवा
वायरल हुए वीडियो में दिख रहा है कि गिझोड गांव में स्थित एक स्कूल के बाहर एक युवक अपनी कार लेकर खड़ा हुआ था। कार का दरवाजा खुला हुआ था। सुबह 6:44 पर दो छात्राएं स्कूल की तरफ आ रही थी। कार के पास खड़े युवक ने एक छात्रा को अपनी तरफ बुलाया। छात्रा उसके पास जाकर बात करने लगी। बातचीत के दौरान युवक ने उसे कार में बैठने को कहा। इस पर छात्रा जाने लगी। युवक ने छात्रा की बाजू पकड़कर उसे जबरन कार में बैठा लिया और तेज गति में कार लेकर चला गया। स्कूल के आसपास खड़े लोगों ने इस मंजर को देखकर तुरंत स्कूल प्रबंधन को सूचना दी। स्कूल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज देखने के पश्चात पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-24 प्रभारी विद्युत गोयल पुलिस टीम के साथ स्कूल पहुंचे और जांच पड़ताल की।
नोएडा जोन के एडीसीपी सुमित शुक्ला ने बताया कि छात्रा की सकुशल बरामदगी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज से कार नंबर से आरोपी की पहचान की। पुलिस ने 1 घंटे के भीतर छात्रा को सकुशल बरामद कर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। युवक की पहचान बहलोलपुर गांव निवासी मोनू कुमार के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच पड़ताल में पता चला कि आरोपी युवक और छात्रा पिछले तीन वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। युवक 1 वर्ष पूर्व छात्रा के ही स्कूल में पढ़ता था। गलत आचरण के कारण उसे स्कूल से निकाल दिया गया था। इस संबंध में छात्रा के पिता की शिकायत पर आरोपी युवक पर छात्रा को बहला-फुसलाकर ले जाने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। Noida Samachar