नोएडा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, चोरों के गिरोह का किया पर्दाफाश
भारत
चेतना मंच
26 Nov 2025 05:20 PM
Noida News : नोएडा के थाना फेस 3 पुलिस ने ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाले गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से चार चाकू, चोरी की घटना में प्रयुक्त होने वाली दो लग्जरी कार, ट्रांसफार्मर का नट काटने वाले उपकरण व चोरी किया गया 350 लीटर तेल बरामद हुआ है।
मौके पर पुलिस ने आरोपियों को दबोचा
डीसीपी सेंट्रल शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि, पुलिस टीम पृथला पुल के पास संदिग्ध वाहनों एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि 14 जनवरी की रात में सेक्टर 70 के पार्क के सामने ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य दो लग्जरी कारों में सवार होकर चोरी का तेल लेकर कहीं जाने वाले हैं। चोर गिरोह के सदस्य गढ़ी गोल चक्कर कट के पास किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गाड़ियों में बैठे चोरों को दबोच लिया। तलाशी में उनके पास से एक-एक चाकू बरामद हुआ। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से प्लास्टिक के गैलन में भरा लगभग 350 लीटर ट्रांसफर का तेल, लोहे काटने का ब्लेड, प्लास, पेचकश, रबड़ का पाइप आदि सामान बरामद हुआ।
ट्रांसफार्मर का नट काटकर की चोरी
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने अपने नाम शिवेंद्र सिंह, विकास सिंह अंकित व जगदीश प्रसाद बताया। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि उनसे बरामद तेल उन्होंने 14 जनवरी की रात को सेक्टर 70 पार्क के सामने लगे विद्युत ट्रांसफार्मर का नट काटकर चोरी किया था। इस तेल को वह बेचने की फिराक में दिल्ली जाने वाले थे। पकड़े गए चोरों ने 16 जनवरी की रात को ग्राम सोरखा, सेक्टर 50, सेक्टर 41 तथा सेक्टर 40 में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर से भी तेल चोरी करने की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया। पकड़े गए आरोपियो ने बताया कि वह आरी व पेचकस की मदद से ट्रांसफार्मर का नट बोल्ट काट कर तेल चोरी करते हैं। पकड़े गए आरोपियों ने विद्युत ट्रांसफार्मर से तेल चोरी करने की कई घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस पकड़े गए आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। Noida News