
Noida News : गौतमबुद्ध नगर कमिश्नरेट में आए दिन पुलिस द्वारा मुठभेड़ में बदमाशों को लंगड़ा किए जाने के बावजूद अपराधिक घटनाएं थम नहीं रही हैं। बेखौफ बदमाश खुलेआम लूट की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस व्यवस्था की कलई खोल रहे हैं। थाना सेक्टर 113 क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर बदमाशों ने एक स्टाफ नर्स व डिलीवरी ब्वॉय से चैन और मोबाइल फोन लूट लिया।
मूल रूप से कानपुर की रहने वाली प्रीति वर्मा नोएडा के एक नामी विश्वविद्यालय में स्टाफ नर्स है। वह विलकिंग्सन सोसाइटी में रहती हैं। 10 मार्च को खरीदारी करने के लिए वह स्पेक्ट्रम मॉल आई थी। खरीदारी करने के बाद वह मॉल से बाहर निकली। कुछ दूर जाने पर उन्हें बाइक सवार दो बदमाशों ने रोक लिया। बदमाशों ने हथियार के बल पर उनसे सोने की चैन, पर्स लूट लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़िता ने शोर मचाया लेकिन तब तक बदमाश दूर जा चुके थे।
इसी थाना क्षेत्र के हिंडन पुल पर हंक बाइक सवार दो बदमाशों ने एक डिलीवरी ब्वॉय से उसका मोबाइल फोन व नकदी लूट ली। दीपांशु नामक युवक स्विगी में डिलीवरी ब्वॉय का काम करता है। वह गाजियाबाद की रिपब्लिक क्रॉसिंग की तरफ से नोएडा आ रहा है। हिंडन पुल पर उसे बाइक सवार दो युवकों ने रोक लिया। बदमाश उससे मोबाइल फोन व नकदी लूट कर फरार हो गए। पीड़ितों ने इसकी सूचना थाना सेक्टर 113 पुलिस को दी।
पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश की जा रही है। मॉल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल कर बदमाशों की पहचान किए जाने का प्रयास किया जा रहा है।