
Noida News : उत्तर प्रदेश की नोएडा कमिश्नरेट पुलिस ने शनिवार को एक बड़ी कार्यवाही को अंजाम दिया है। नोएडा पुलिस ने कुख्यात माफिया रणदीप भाटी गैंग के सक्रिय सदस्य एवं उसके भाई कुलवीर भाटी की करीब डेढ़ करोड़ रुपये की संपत्ति को कुर्क कर लिया है। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है।
गौतमबुद्धनगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में पुलिस कमिश्नरेट के समस्त पुलिस अधिकारियों द्वारा अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से अपराधियों के विरुद्ध निरंतर कड़ी कार्यवाही की जा रही है। इसी के तहत शनिवार को पुलिस आयुक्त न्यायालय द्वारा गैंगस्टर एक्ट 14 (1) की कार्रवाई के तहत थाना जारचा पुलिस द्वारा, शासन से घोषित कुख्यात माफिया रणदीप भाटी गैंग के सक्रिय सदस्य एवं उसके सगे भाई कुलवीर भाटी पुत्र स्व. महेंद्र भाटी निवासी ग्राम रिठौरी थाना दादरी जिला गौतमबुद्धनगर ग्राम रिठौरी में स्थित 250 वर्ग गज में दो मंजिला मकान को कुर्क किया है। कुर्क की गई संपत्ति की कीमत 1 करोड़ 50 लाख 50 हजार रुपये है।
आपको बता दें कि कुलवीर भाटी, रणवीर भाटी गैंग का सक्रिय सदस्य है और उस पर 2 दर्जन से अधिक लूट, हत्या, डकैती, रंगदारी के मामले दर्ज हैं। आपको बता दें कि कुलवीर भाटी की संपत्ति कुर्क करने से पहले पुलिस द्वारा क्षेत्र में मुनादी भी कराई गई थी। मुनादी कराने के बाद पुलिस ने संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई को अंजाम दिया। Noida News