
Noida: रईसजादे की रफ्तार के जुनून का शिकार बनी युवती की मौत के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जैगुआर चालक के खिलाफ अब हत्या की धारा-302 के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। चेतना मंच ने सोशल मीडिया पर इस घटना को प्रमुखता से उठाया और पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाया था।
पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह ने अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था रविशंकर छवि सहित अन्य अधिकारियों के साथ आज सेक्टर-96 स्थित घटनास्थल का दौरा किया। इस दौरान प्रत्यक्षदर्शियों से बातचीत, घटनास्थल का निरीक्षण व साक्ष्यों के आधार पर उक्त दुर्घटना के प्रकरण में धारा-302 आईपीसी की वृद्धि की गई है। इस मामले में थाना सेक्टर 39 में जैगुआर कार चालक सैमुअल के खिलाफ दुर्घटना का मुकदमा दर्ज हुआ था और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था रविशंकर छवि ने बताया कि पुलिस द्वारा एक अभियान चलाया जा रहा है जिसमें तेज रफ्तार से वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी जिससे बेगुनाह लोगों की जान सड़क हादसे में ना जा सके।
बता दें कि गत 4 दिसंबर की सुबह सरस्वती एनक्लेव में रहने वाली दीपिका पुत्री राजनारायण अपनी स्कूटी से जा रही थी। सेक्टर-96 में जैसे ही उसने एक कट से टर्न लिया तो विपरीत दिशा से तेज गति में आ रही जैगुआर कार ने उसकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी के परखच्चे उड़ गए और दीपिका कई फुट उछलकर सड़क पर जा गिरी। टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल दीपिका को उपचार के लिए एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में प्रत्यक्षदर्शियों का कहना था कि जैगुआर कार चालक एक रेंज रोवर कार से रेस लगा रहा था। आगे निकलने की होड़ में ही जैगुआर कार चालक नियंत्रण खो बैठा और टक्कर लगने से दीपिका की जान चली गई। बेहद मध्यम परिवार से ताल्लुक रखने वाली दीपिका अपने पूरे परिवार का भरण पोषण करने के लिए नौकरी करती थी।
हादसे के बाद दीपिका के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने कार दौड़ा रहे सैमुअल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया था। सैमुअल फरीदाबाद का रहने वाला है और अमेरिकन एक्सप्रेस बैंक में काम करता है। प्रारंभिक जांच में पता चला था कि दुर्घटना के समय जैगुआर कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक आगे निकलने की होड़ में था। रईसजादे की इस करतूत को कई प्रत्यक्षदर्शियों ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उठाया था। सोशल मीडिया पर मामला गरमाने के बाद पुलिस ने एक बेहतर पहल करते हुए आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा में मामला दर्ज किया है। पुलिस की यह कार्रवाई उन बिगड़ैल रईसजादों के लिए सबक साबित होगी जो अपने पैसे व रफ्तार के जुनून के सामने मानवीय जीवन का कोई मोल नहीं समझते हैं।