नोएडा में 9 अक्टूबर 2026 को राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल के कार्यक्रम के चलते रूट डायवर्जन लागू रहेगा। जानें वैकल्पिक रास्ते, पार्किंग व्यवस्था और यातायात हेल्पलाइन नंबर।

नोएडा में 9 अक्टूबर 2026 को यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल, सेक्टर-95 नोएडा में मान्यवर कांशीराम जी के परिनिर्वाण दिवस पर आयोजित होने वाले कार्यक्रम को देखते हुए गौतमबुद्धनगर यातायात पुलिस ने रूट डायवर्जन और पार्किंग की विशेष व्यवस्था की है। कार्यक्रम के दौरान यातायात का दबाव बढ़ने की आशंका को देखते हुए वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है। ऐसे में घर से निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर कर लें, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।
यातायात पुलिस के अनुसार, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा से नोएडा की ओर आने वाले वाहनों के लिए यातायात दबाव की स्थिति में वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन चालक चरखा गोलचक्कर से गऊशाला गोलचक्कर होते हुए अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। वहीं, कालिंदी कुंज से दिल्ली, चिल्ला और डीएनडी की ओर जाने वाले वाहन सेक्टर-37, अट्टापीर चौक, रजनीगंधा चौक और सेक्टर-15 गोलचक्कर होकर आगे जा सकेंगे। दलित प्रेरणा स्थल के गेट नंबर-4 और 5 के आसपास यातायात दबाव होने पर फिल्मसिटी फ्लाईओवर से सेक्टर-18 की ओर डायवर्जन किया जाएगा। इसके बाद वाहन सेक्टर-18 से रजनीगंधा चौक, सेक्टर-15 गोलचक्कर या सेक्टर-18 अंडरपास से एलिवेटेड रोड की ओर जा सकेंगे।
नोएडा से ग्रेटर नोएडा की ओर जाने वाले मार्ग पर डीएनडी और फिल्मसिटी फ्लाईओवर के पास यातायात दबाव होने पर सेक्टर-14ए फ्लाईओवर से सेक्टर-15 गोलचक्कर की ओर वाहनों को डायवर्ट किया जाएगा। यहां से वाहन रजनीगंधा चौक, अट्टापीर चौक और सेक्टर-37 होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही इस्तेमाल करें।
कार्यक्रम में शामिल होने वाले हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। दिल्ली, चिल्ला और डीएनडी की ओर से आने वाले वाहनों को फिल्मसिटी के अंदर बनी मल्टीलेवल पार्किंग में जगह मिलेगी। परीचौक, सेक्टर-37, ग्रेटर नोएडा वेस्ट और कालिंदी कुंज की ओर से आने वाले वाहनों के लिए राष्ट्रीय दलित प्रेरणा स्थल की अंडरग्राउंड पार्किंग निर्धारित की गई है। वहीं, सेक्टर-60 और सेक्टर-18 की ओर से आने वाले वाहनों की पार्किंग गार्डन गैलेरिया, सेक्टर-38ए के पास होगी। यातायात डायवर्जन के दौरान चिकित्सकीय और फायर सर्विस जैसे आपातकालीन वाहनों को सकुशल रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा। किसी भी यातायात संबंधी परेशानी पर हेल्पलाइन नंबर 9971009001 पर संपर्क किया जा सकता है। बेहतर होगा कि लोग अतिरिक्त समय लेकर निकलें और यात्रा से पहले वैकल्पिक रास्तों की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें।
यातायात हेल्पलाइन नं०–9971009001
विज्ञापन