
Noida News: महिला शक्ति सामाजिक समिति की अध्यक्ष साधना सिन्हा ने बताया कि आज का दिन हमारी समिति की टीम के लिए बहुत ही गौरवान्वित करने वाला दिन रहा। महिला शक्ति सामाजिक समिति की अनुभवी टीम ने आज एक और परिवार को टूटने से बचाया।
दादरी में रहने वाली प्रीति की शादी लुधियाना निवासी नितेश से तकरीबन 2 साल पहले हुई थी और आपसी गलतफहमियां एवं परिवार वालों की बेवजह दखलंदाजी के कारण इनके झगड़े शुरू हो गए और करीब 4 महीने पहले प्रीति अपने घर वापस आ गई। रिश्ता लगभग समाप्त हो गया।
समिति की अध्यक्ष साधना सिन्हा ने बताया कि 2 मार्च 2023 को जब हमारी टीम महिला जागरूकता के तहत दादरी पहुंची तो हमसे मिलकर प्रीति को अपने जीवन में आशा की किरण दिखाई दी। उसने हमसे मिलकर अपनी समस्या हमारे सामने रखी। हमने प्रीति और उसके पति से बात की और दोनों की काउंसलिंग कराई। कई राउंड की काउंसलिंग के बाद दोनों पति पत्नी के साथ परिवार वालों को भी यह विश्वास हुआ कि फिर से नए सिरे से इनके वैवाहिक जीवन की शुरुआत हो सकती है।
उन्होंने बताया कि 5 अप्रैल को दोनों पति पत्नी एक साथ रहने को तैयार हो गए, परंतु हमने उन्हें एक महीने और अच्छी तरह से सोचने का वक्त दिया और आज हमारे काउंसलिंग सेंटर जो कि गामा फर्स्ट कादंबर शॉपिंग कॉन्पलेक्स में है से दोनों अपने नए जीवन की शुरुआत करने के लिए लुधियाना को रवाना हुए।
दोनों ने एक दूसरे को माला पहनायी, मिठाई खिलाई और अपने पिता के साथ-साथ हम सब बड़ों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान समिति अध्यक्ष साधना सिन्हा, इस केस की कोऑर्डिनेटर स्मृति दीक्षित के अतिरिक्त शशि कौशिक, अनामिका मित्तल, विद्या, साधना गुप्ता, अंकिता सिंह एवं गायत्री राजपूत ने भाग लिया। साधना सिन्हा ने कहा कि अपनी एक और कोशिश को सफल होते देख हमारी पूरी टीम आज एक बार फिर खुशी एवं उत्साह से भर गई है।