नोएडा में SCCM दिल्ली-नोएडा की ‘वॉक फॉर लाइफ’ वॉकथॉन आयोजित हुई। सांसद डॉ. महेश शर्मा समेत करीब 300 डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने भाग लेकर समय पर इलाज, क्रिटिकल केयर और स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश दिया।

Noida News : नोएडा में स्वास्थ्य के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और आपातकालीन परिस्थितियों में समय पर चिकित्सा सहायता के महत्व को समझाने के उद्देश्य से रविवार को ‘ISCCM–Walk for Life’ वॉकथॉन का आयोजन किया गया। सोसाइटी ऑफ क्रिटिकल केयर मेडिसिन (SCCM), दिल्ली-नोएडा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में नोएडा के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में करीब 250 से 300 डॉक्टरों, नर्सों और अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन ISCCM Day और प्रथम National Critical Care Day के अवसर पर ‘Care at Community Doorstep’ यानी क्रिटिकल केयर समुदाय के द्वार तक पहुंचाने की थीम पर किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि गंभीर बीमारियों और आपातकालीन स्थितियों में मरीज की जान बचाने के लिए समय पर सही कदम उठाना और उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध होना बेहद महत्वपूर्ण है। Noida News
रविवार को आयोजित वॉकथॉन की शुरुआत चिल्ला स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से हुई। इसके बाद प्रतिभागियों ने स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देते हुए नोएडा स्टेडियम, सेक्टर-21ए की ओर मार्च किया। कार्यक्रम का समापन नोएडा स्टेडियम के गेट नंबर-4 पर हुआ। वॉकथॉन में शामिल डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने आम लोगों को क्रिटिकल केयर, आपातकालीन चिकित्सा सहायता और गंभीर बीमारियों में समय पर उपचार की आवश्यकता के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। आयोजकों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाओं को केवल अस्पतालों और आईसीयू तक सीमित मानने के बजाय समुदाय के स्तर पर भी जागरूकता बढ़ाना है, ताकि आपातकालीन स्थिति में लोग सही निर्णय ले सकें और मरीज को बिना अनावश्यक देरी के चिकित्सा सहायता मिल सके। Noida News

कार्यक्रम के समापन अवसर पर नोएडा के सांसद डॉ. महेश शर्मा ने उपस्थित चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को संबोधित किया। उन्होंने गंभीर बीमारियों के उपचार में समय पर चिकित्सा सहायता और क्रिटिकल केयर सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि आमजन तक स्वास्थ्य सुविधाओं की पहुंच सुनिश्चित करने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए चिकित्सक समुदाय की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने समाज में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता के लिए डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. अखिल तनेजा और डॉ. आशुतोष भारद्वाज के नेतृत्व एवं सहयोग की भी सराहना की। साथ ही आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ, हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स, स्वयंसेवकों और सोसाइटी के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। Noida News

क्रिटिकल केयर चिकित्सा की वह महत्वपूर्ण शाखा है, जिसमें गंभीर रूप से बीमार या जीवन के लिए खतरे का सामना कर रहे मरीजों को विशेष निगरानी और उपचार उपलब्ध कराया जाता है। दुर्घटना, सांस लेने में गंभीर परेशानी, हृदय संबंधी आपातकाल या अन्य गंभीर चिकित्सकीय स्थितियों में समय पर पहचान और चिकित्सा सहायता मरीज की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। आयोजकों के अनुसार, क्रिटिकल केयर के प्रति सामुदायिक जागरूकता बढ़ाना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहा। लोगों को यह समझाना जरूरी है कि आपातकालीन स्थिति में शुरुआती प्रतिक्रिया, समय पर अस्पताल पहुंचना और उचित चिकित्सा सहायता प्राप्त करना उपचार की प्रक्रिया में अहम भूमिका निभाते हैं। Noida News

इस कार्यक्रम में कैलाश अस्पताल समूह की चेयरपर्सन डॉ. उमा शर्मा, समूह के डायरेक्टर (क्रिटिकल केयर) डॉ. अनिल गुरनानी, SCCM दिल्ली-नोएडा के चेयरपर्सन डॉ. अखिल तनेजा, सचिव डॉ. अमित गोयल और कोषाध्यक्ष डॉ. अनुप अग्रवाल उपस्थित रहे। इसके अलावा समिति के सदस्य डॉ. अनीश गुप्ता, डॉ. देव शंकर पटेल, डॉ. ऋषभ कुमार मित्तल, डॉ. प्रशांत सिंह, डॉ. सौरभ जैन, डॉ. जितिन शर्मा, डॉ. राहुल कुमार और डॉ. गौरव प्रताप सिंह भी कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में पदेन सदस्य डॉ. प्रशांत कुमार, उपाध्यक्ष डॉ. आशुतोष भारद्वाज, कार्यकारिणी समिति के सदस्य डॉ. रंजीत चटर्जी तथा उत्तरी क्षेत्र के क्षेत्रीय सदस्य डॉ. सौरभ तनेजा सहित दिल्ली-एनसीआर के अनेक चिकित्सक मौजूद रहे। नोएडा में आयोजित इस वॉकथॉन के माध्यम से चिकित्सा विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य जागरूकता, समय पर उपचार और गंभीर परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता की आवश्यकता का संदेश दिया। Noida News
विज्ञापन