
Noida School Closed : उत्तर प्रदेश के नोएडा और ग्रेटर नोएडा समेत पूरे जिले के स्कूल कॉलेज जाने वाले बच्चों की अगले चार दिनों तक बल्ले बल्ले होने वाली है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा समेत पूरे गौतमबुद्धनगर जनपद के स्कूल कालेजों में चार दिन तक अवकाश यानि छुट्टी रह सकती है।
आपको बता दें कि ग्रेटर नोएडा में इस सप्ताह दो इंटरनेशनल इवेंट्स की मेजबानी करने जा रहा है। नोएडा-ग्रेटर नोएडा में बढ़ने वाली भीड़ के मद्देनजर नोएडा (गौतमबुद्धनगर जनपद) प्रशासन ने पूरे जिले में स्कूल- कॉलेज और सभी शैक्षणिक संस्थानों को दो दिन के लिए बंद रखने का आदेश दिया है। डीएम मनीष कुमार वर्मा ने 21 और 22 सितंबर को सभी निजी और सरकारी स्कूलों को बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। हालांकि, ऑनलाइन क्लासेज चलाने की छूट दी गई है।
डीएम मनीष कुमार वर्मा के आदेश पर गौतमबुद्धनगर के जिला विद्यालय निरीक्षक की ओर से सभी रजिस्ट्रार, निदेशक और प्रिंसिपल को पत्र लिखा गया है। इसमें कहा गया है, 'जनपद गौतमबुद्धनगर में आगामी 21 से 25 सितंबर 2023 तक ग्रेटर नोएडा एक्सपो सेंटर में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2023 और 22 से 24 सितंबर 2023 तक बुद्धा इंटरनेशनल सर्किट, ग्रेटर नोएडा में मोटो जी आयोजित किया जा रहा है, जिसमें आंगतुकों / दर्शकों की भारी भीड़ होने की संभावना और कानून, सुरक्षा व्यवस्था व यातायात की व्यवस्था के दृष्टिगत छात्र-छात्राओं, अभिभावकों को किसी प्रकार की असुविधा ना हो इसके दृष्टिगत जिलाधिकारी महोदय द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में दिनांक 21 सितंबर 2023 और 22 सितंबर 2023 को समस्त संस्थानों में अवकाश रहेगा। उक्त अवधि में ऑनलाइन क्लासेज संचालित कर सकते हैं। उक्त आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें।'
प्रशासन ने 2 दिन तक स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। 21 को गुरुवार और 22 को शुक्रवार है। कुछ स्कूल जो शनिवार को भी बंद रहते हैं, ऐसे में उनकी लगातार 4 दिन तक छुट्टी हो सकती है। इसके अलावा कुछ स्कूलों में प्राइमरी क्लास के बच्चों की शनिवार को छुट्टी रहती है। उन्हें भी 4 दिन की छुट्टी मिल जाएगी। अन्य स्कूलों में इस सप्ताह तीन दिन की छुट्टी रहेगी। Noida School Closed