
Noida News : ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। जन्मदिन की पार्टी में महिलाओं के चोरी-छिपे वीडियो बना रहे युवकों को टोकना एक व्यक्ति को खासा महंगा पड़ गया। युवकों ने व्यक्ति को लाठी-डंडों से मारपीट कर घायल कर दिया। पीड़ित ने थाना बिसरख में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
ग्राम रिछपाल गढ़ी निवासी दीपक ने बताया कि गत 27 जून को उसके बेटे का जन्मदिन था। उसके घर पर पारिवारिक कार्यक्रम चल रहा था जिसमें घर की महिलाएं शामिल थी। पड़ोसी सुनील के मकान में किराये पर रहने वाले कुछ युवक अपने मोबाइल से जन्मदिन की पार्टी में शामिल महिलाओं की वीडियो बना रहे थे।
इस बात का जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। इस दौरान युवकों ने उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उनकी तलाश की जा रही है।
सेक्टर 15ए के पास तेज गति में आ रही अर्टिगा कार के ड्राइवर ने एक युवती की कार ने टक्कर मार दी। युवती ने जब इस बात का विरोध किया तो कार चालक ने उसके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए बदसलूकी की और कार का शीशा तोड़ दिया। पीडि़ता ने थाना फेस वन में कार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। ग्रेटर नोएडा की एक सोसाइटी में रहने वाली सलोनी राणा ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह दिल्ली से अपने घर ग्रेटर नोएडा कार से जा रही थी सेक्टर 15ए के पास पहुंचने पर पीछे से तेज गति में आ रही अर्टिगा कार के चालक ने उनकी कार में टक्कर मार दी।
उन्होंने कार रोककर जब चालक से बात की तो उसने गाली गलौज शुरू कर दी। इस बात का विरोध करने पर कार चालक ने उनके साथ बदसलूकी की और कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए गाड़ी लेकर मौके से फरार हो गया। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है कार नंबर के आधार पर टैक्सी चालक की तलाश की जा रही है।