नोएडा के सेक्टर-11 में पानी की कमी और खराब स्ट्रीट लाइट से निवासी परेशान हैं। RWA ने प्राधिकरण को चेतावनी देते हुए विरोध प्रदर्शन और घेराव की बात कही है।

Noida News : सेक्टर-11 में बुनियादी नागरिक सुविधाओं की समस्याओं को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कहीं घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच रहा है तो कहीं खराब स्ट्रीट लाइट के कारण रात में अंधेरा पसरा रहता है। लंबे समय से बनी इन समस्याओं को लेकर अब रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन (RWA) ने संबंधित अधिकारियों के खिलाफ विरोध तेज करने की चेतावनी दी है। सेक्टर की समस्याओं को लेकर आयोजित बैठक में निवासियों ने अपनी परेशानियां रखीं। लोगों ने बताया कि पानी का दबाव कम रहने के कारण रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में दिक्कत होती है। वहीं, कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइट खराब होने से रात के समय आवागमन में परेशानी होती है। स्थानीय लोगों ने इसे सुरक्षा के लिहाज से भी चिंता का विषय बताया।
बैठक में RWA अध्यक्ष अनुज गुप्ता और महासचिव दिनेश कृष्णन ने निवासियों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को संबंधित विभागों के सामने प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्राधिकरण को पहले भी इन मुद्दों से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक समाधान की गति संतोषजनक नहीं रही है। अनुज गुप्ता ने कहा कि सेक्टर के लोगों को पानी और स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए बार-बार परेशान होना पड़े, यह स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। Noida News
RWA ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्राधिकरण के खिलाफ सामूहिक विरोध दर्ज कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर अधिकारियों का घेराव करने के साथ धरना-प्रदर्शन भी किया जा सकता है। बैठक में मौजूद निवासियों ने एकजुट होकर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण की मांग की। RWA का कहना है कि अब केवल आश्वासन पर्याप्त नहीं है, बल्कि पानी की आपूर्ति और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था में जमीनी स्तर पर सुधार दिखाई देना चाहिए। अब देखना होगा कि संबंधित विभाग इन शिकायतों पर कितनी जल्दी कार्रवाई करते हैं। Noida News
विज्ञापन