विज्ञापन
कोर्ट के आदेश के बाद नोएडा के सेक्टर-20 थाने में सुपरटेक केपटाउन सोसायटी के एओए अध्यक्ष समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने, लूटपाट करने और हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है।

Noida News : नोएडा में एक इंटरनेट सेवा प्रदाता कंपनी के निदेशक की शिकायत पर बड़ा कानूनी मामला सामने आया है। कोर्ट के आदेश के बाद नोएडा के सेक्टर-20 थाने में सुपरटेक केपटाउन सोसायटी के एओए अध्यक्ष समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ रंगदारी मांगने, लूटपाट करने और हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और नोएडा स्थित सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के साथ-साथ अन्य तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। Noida News
शिकायतकर्ता कर्मवीर सिंह, जो नोएडा सेक्टर-56 में रहते हैं और चौधरी डिजी नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक हैं, ने आरोप लगाया है कि उनकी कंपनी वर्ष 2014 से नोएडा की विभिन्न सोसायटियों और क्षेत्रों में केबल, इंटरनेट और इंटरकॉम सेवाएं उपलब्ध करा रही है।उनके अनुसार, कुछ समय पहले उन्होंने सेक्टर-74 स्थित सुपरटेक केपटाउन सोसायटी में भी अपनी सेवाएं शुरू की थीं, लेकिन इसके बाद उन्हें लगातार दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ा। Noida News
शिकायत में कहा गया है कि सोसायटी एओए अध्यक्ष प्रवीण भारद्वाज और बंटी यादव उनके सेक्टर-20 स्थित कार्यालय पहुंचे और सोसायटी में काम जारी रखने के बदले हर महीने एक लाख रुपये की मांग की। कर्मवीर सिंह का आरोप है कि जब उन्होंने इस मांग को मानने से इनकार किया, तो आरोपियों ने न सिर्फ काम बंद कराने की धमकी दी बल्कि जान से मारने की चेतावनी भी दी। पीड़ित पक्ष के अनुसार, 7 फरवरी को जब उनकी कंपनी के कर्मचारी गौतम और अन्य लोग सोसायटी में कार्य करने पहुंचे, तो कथित तौर पर आरोपियों और उनके 6–7 साथियों ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद ऑफिस में घुसकर कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई, जिससे भयभीत होकर कर्मचारी मौके से भागने पर मजबूर हो गए। Noida News
शिकायत में यह भी गंभीर आरोप लगाया गया है कि सोसायटी परिसर से कंपनी का करीब 4 से 5 करोड़ रुपये मूल्य का नेटवर्किंग उपकरण और अन्य सामग्री कथित तौर पर लूट ली गई।
मामले में पहले स्थानीय पुलिस से शिकायत की गई थी, लेकिन कार्रवाई न होने पर पीड़ित ने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। इसके बाद अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश पर सेक्टर-20 थाने में मामला दर्ज किया गया। Noida News
विज्ञापन
विज्ञापन