विज्ञापन
नोएडा के सेक्टर-30 स्थित सरकारी सुपर स्पेशियलिटी चाइल्ड पीजीआई अस्पताल में बुधवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अस्पताल के एक वार्ड की छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। घटना के समय बेड पर भर्ती 18 महीने की बच्ची संयोगवश कुछ क्षण पहले ही नीचे उतर गई थी, जिससे उसकी जान बच गई।

Noida News : नोएडा के सेक्टर-30 स्थित सरकारी सुपर स्पेशियलिटी चाइल्ड पीजीआई अस्पताल में बुधवार देर रात बड़ा हादसा होते-होते टल गया। अस्पताल के एक वार्ड की छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया। घटना के समय बेड पर भर्ती 18 महीने की बच्ची संयोगवश कुछ क्षण पहले ही नीचे उतर गई थी, जिससे उसकी जान बच गई। हालांकि बेड पर आराम कर रहे उसके पिता प्लास्टर की चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद वार्ड में अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल कर्मियों और मौजूद लोगों ने तत्काल बच्ची व अन्य मरीजों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी मरीज को गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि घटना से परिजनों में अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली। Noida News
जानकारी के अनुसार, बच्ची अस्पताल के इमरजेंसी आईसीयू वार्ड में भर्ती थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे से कुछ ही मिनट पहले वह बेड से उतरकर फर्श पर खेलने लगी थी। इसी दौरान उसके पिता बेड पर आराम करने लगे। तभी छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा अचानक टूटकर नीचे आ गिरा और उसकी चपेट में आने से पिता घायल हो गए। यदि बच्ची उस समय बेड पर होती तो गंभीर हादसा हो सकता था। हादसे की सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन सक्रिय हो गया। सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित वार्ड को तत्काल खाली कराया गया और वहां भर्ती मरीजों को दूसरे वार्डों में शिफ्ट कर दिया गया। अस्पताल प्रशासन ने पूरे क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का आकलन शुरू कर दिया है। Noida News
घटना के बाद अस्पताल की भवन सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। अस्पताल के कई हिस्सों में छत का प्लास्टर और फॉल्स सीलिंग पहले भी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। कुछ स्थानों पर एसी की केबलें खुली दिखाई दे रही हैं, जबकि कई वार्डों में दीवारों और छत पर दरारें, पानी का रिसाव तथा टूटे हुए पैनल नजर आ रहे हैं। इससे मरीजों और उनके परिजनों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। चाइल्ड पीजीआई के निदेशक डॉ. डी.के. सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही इंजीनियरिंग टीम को मौके पर बुलाकर जांच शुरू करा दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रभावित हिस्से का तकनीकी निरीक्षण कराया जा रहा है और रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक मरम्मत एवं सुरक्षा संबंधी कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। Noida News
विज्ञापन