विज्ञापन
विज्ञापन
नोएडा पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-58 पुलिस की कार्रवाई में उन दोनों को उस समय दबोचा गया, जब वे चोरी की गई बाइक के पुर्जों को ई-रिक्शा में लादकर कबाड़ी के यहां बेचने के लिए ले जा रहे थे।

Noida News : नोएडा पुलिस ने वाहन चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सेक्टर-58 पुलिस की कार्रवाई में उन दोनों को उस समय दबोचा गया, जब वे चोरी की गई बाइक के पुर्जों को ई-रिक्शा में लादकर कबाड़ी के यहां बेचने के लिए ले जा रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बाइक के अलग-अलग पार्ट्स के साथ उन्हें खोलने में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, नोएडा के सेक्टर-55 और सेक्टर-56 के बीच स्थित सड़क पर ईएसआई कॉलोनी के पास नियमित चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान वनस्थली स्कूल की ओर से एक ई-रिक्शा आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने जब उसे रुकने का संकेत दिया तो चालक और उसके साथ बैठे युवक ने अचानक वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की। उनकी संदिग्ध हरकत को देखते हुए पुलिस ने पीछा किया और कुछ ही दूरी पर दोनों को पकड़ लिया।तलाशी के दौरान ई-रिक्शा में मोटरसाइकिल के कई पुर्जे मिले। पूछताछ में दोनों ने अपनी पहचान इमरान और मोहम्मद सोनू के रूप में बताई। शुरुआती पूछताछ में ही दोनों ने स्वीकार कर लिया कि ये पुर्जे एक चोरी की बाइक के हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्होंने करीब आठ दिन पहले दिल्ली के वसुंधरा मार्केट क्षेत्र से बाइक चोरी की थी।
जांच में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद बाइक को छिपाने के लिए उन्हें कोई सुरक्षित जगह नहीं मिली। इसके बाद दोनों आरोपी नोएडा के सेक्टर-55 स्थित एक खाली प्लॉट में बाइक ले गए और वहां उसके पुर्जे अलग-अलग कर दिए। उनकी योजना थी कि बाइक को पूरी तरह पहचान से बाहर कर उसके पार्ट्स कबाड़ी को बेच दिए जाएं, ताकि चोरी का माल आसानी से खपाया जा सके। नोएडा पुलिस ने आरोपियों के पास से बाइक खोलने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं। थाना सेक्टर-58 पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश कर दिया है। जिस ई-रिक्शा में बाइक के पुर्जे ले जाए जा रहे थे, उसे भी पुलिस ने सीज कर दिया है। Noida News
विज्ञापन