Noida : स्वच्छ सर्वेक्षण-2022 को लेकर कार्यशाला आयोजित
भारत
चेतना मंच
25 Nov 2025 05:53 AM
नोएडा । स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 को लेकर बृहस्पतिवार को सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कालेज में नोएडा प्राधिकरण(Noida Authority ) के जन स्वास्थ्य एवं जल-सीवर विभाग के सभी सुपरवाइजर स्तर तक की कार्यशाला आयोजित की गई। जिसकी अध्यक्षता अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीन कुमार मिश्र ने की।
इस दौरान स्वच्छ भारत मिशन सलाहकार प्रदीप अग्रहरि द्वारा स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के कार्यो से संक्षेप में अवगत कराया गया। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में अव्वल बनाने के लिए जन स्वास्थ्य विभाग एवं जल-सीवर विभाग के सभी सुपरवाइजरों को उनके कार्य एवं उत्तरदायित्वों के प्रति और अधिक जागरूक किया गया। सफाई मित्र चुनौतियों के संबंध में जानकारी दी गई। स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 में होने वाली प्रतियोगिता के विभिन्न क्षेत्रों में किए जाने वाले मूल्यांकन के बारे में विस्तार से बताया गया।
डोर टू डोर एजेंसी एजी इन्वायरों के प्रतिनिधि की ओर से कूड़े के पृथ्क्कीकरण के संबंध में अवगत कराया गया। साथ ही स्वच्छता के लिए विभिन्न सुझाव भी प्रस्तुत किए गए। जोन संविदाकार ओनेक्स मैनेजमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड की ओर से स्वच्छता संबंधी कार्यों के लिए विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए। इस मौके पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रवीन कुमार मिश्र ने जन स्वास्थ्य एवं जल-सीवर विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छ सर्वेक्षण 2022 के लिए आपस में समन्वय कर कार्य करने का निर्देश दिया।
इस मौके पर ओएसडी इंदु प्रकाश सिंह, डा. अविनाश त्रिपाठी, जन स्वास्थ्य विभाग उप महाप्रबंधक एससी मिश्रा, परियोजना अभियंता विजय कुमार रावल, आरके शर्मा, जल-सीवर विभाग उप महाप्रबंधक आरपी सिंह, वरिष्ठ प्रबंधक संजय पराशर, सत्येन्द्र गिरी, एके वरुण, अरुण कुमार समेत अन्य मौजूद रहे।