विज्ञापन

Noida News /ग्रेटर नोएडा (चेतना मंच)। जिस उम्र में बचपन अठखेलियां करता है उस उम्र में ही एक बच्चे ने फांसी का फंदा लगाकर अपनी जिंदगी खत्म कर ली। बच्चे ने ऐसा घातक कदम आखिर क्यों उठाया। इसका जवाब ना तो पुलिस के पास है और ना ही परिवार के पास। वहीं बच्चे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
थाना कासना प्रभारी संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि रविवार की सुबह पीआरबी कंट्रोल द्वारा सूचना मिली की कासना कस्बा पुरानी मस्जिद के पास एक 14 वर्षीय किशोर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के भिजवाया।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि मूल रूप से गाजियाबाद निवासी बबली सिंह अपने परिवार के साथ कासना कस्बे में रह रहे हैं। शनिवार देर रात परिजन घर की छत पर सोने के लिए चले गए थे। उनका 14 वर्षीय बेटा प्रिंस भी उनके साथ छत पर सो रहा था। रविवार तड़के प्रिंस छत से उतर कर नीचे आया और उसने कमरे में फांसी लगा ली। सुबह सोकर उठने के बाद जब परिजन छत से उतर कर कमरे में पहुंचे तो उन्हें प्रिंस फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला।
थाना प्रभारी ने बताया कि प्रिंस ने किस वजह से फांसी लगाई है इसके बारे में परिजन भी कोई ठोस वजह नहीं बता पा रहे हैं। घर में सब के लाडले प्रिंस द्वारा ऐसा कदम उठाए जाने से परिजनों के अलावा पड़ोसी भी सदमे में हैं। प्रिंस के इस घातक कदम उठाने के बाद से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। Noida News
विज्ञापन