
Noida News : यूपी के नोएडा में पुलिस का मानवीय चेहरा सामने आया है। नोएडा की बिसरख थाना पुलिस ने मानसिक रुप से परेशान एक युवक को आत्महत्या करने से रोक लिया। पुलिस ने युवक की काउंसलिंग करके उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, आज गौतमबुद्ध नगर पुलिस के ट्विटर हैंडल पर मानसिक रूप से परेशान एक युवक के आत्महत्या करने की सूचना प्राप्त हुई। जिस पर सोशल मीडिया सेल गौतमबुद्धनगर द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए उक्त युवक के बारे में जानकारी एकत्र की गई। युवक की लोकेशन थाना बिसरख क्षेत्र के अंतर्गत होना पाया गया। जिसपर सोशल मीडिया सेल द्वारा थाना प्रभारी बिसरख को आवश्यक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया गया।
थाना बिसरख पुलिस द्वारा जानकारी करने पर पता चला कि उक्त मानसिक परेशान युवक टैक्सी ड्राइवर है और एटा का निवासी है जिसने अपने दोस्त को घरेलू कारणों से परेशान होकर आत्महत्या कर लेने की जानकारी दी थी। दोस्त द्वारा ट्विटर पर पुलिस से सहायता मांगी गई थी। जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि मानसिक परेशान युवक नोएडा में टैक्सी ड्राइवर है। थाना बिसरख पुलिस द्वारा मोबाइल से ट्रैक करते हुए काफ़ी प्रयास करने के बाद उपरोक्त युवक को सकुशल तलाश कर लिया और उसकी काउंसलिंग की गई, तत्पश्चात उसके दोस्त हुआ परिजनों को सुपुर्द किया गया।