
Noida News : एक जिम संचालक ने क्रूरता की तमाम हदों को पार कर दिया और चोरी के शक में अपने कर्मचारी की लाठी डंडों से इतनी पिटाई की कि कर्मचारी मरन्नासन्न अवस्था में पहुंच गया। आरोप है कि जिम संचालक ने अपने साथी के साथ मिलकर घायल कर्मचारी को छत से नीचे फेंक दिया। कर्मचारी गंभीर हालत में दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कर्मचारी मौत से जूझ रहा है। यह मामला नोएडा के थाना सेक्टर 63 क्षेत्र का है।
आपको बता दें कि बहलोलपुर गांव निवासी नीरज का गांव में ही नाइस हेल्थ जिम है। इस जिम में ग्राम खुर्दी दातागंज बदायूं निवासी शिवा पुत्र मेवाराम काम करता था। शिवा जिम की साफ सफाई करने के अलावा उसकी देखरेख भी करता था। 2 दिन पूर्व जिम से नीरज का पैसों से भरा पर्स गायब हो गया। नीरज ने इस बारे में शिवा से पूछा तो उसने पर्स के बारे में जानकारी होने से इनकार कर दिया। शिवा के इनकार करने के बावजूद भी नीरज को अपना पर्स चोरी होने का शक उस पर ही था।
नीरज ने अपने साथी अरुण के साथ मिलकर जिम का दरवाजा बंद कर शिवा की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई की। इस दौरान दोनों आरोपियों के चंगुल से किसी तरह छूटकर शिवा जिम की छत पर पहुंच गया। बताया जाता है कि गुस्साए नीरज ने मानवता को ताक पर रखते हुए शिवा को अपने साथी अरुण की मदद से छत से नीचे फेंक दिया। पिटाई और छत से गिरने के कारण शिवा मरणासन्न अवस्था में पहुंच गया, जिसे देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची थाना सेक्टर 63 पुलिस ने घायल शिवा को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बताया जाता है कि पीड़ित अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि इस संबंध में नीरज और अरुण के खिलाफ जानलेवा हमले का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जिम में हुई चोरी के शक में नीरज ने अपने साथी अरुण के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है।