
Noida: शहर की सड़कों पर ठंड से ठिठुरते गरीब लोगों की मदद के लिए पुलिसकर्मी आगे आये हैं। खाकी के पीछे छिपे इस मानवीय चेहरे को स्थानीय नागरिकों द्वारा जमकर सराहा जा रहा है।
उत्तर भारत में पिछले 2 दिनों से अचानक पारा तेजी के साथ नीचे गिरा है। ऐसे में सबसे ज्यादा मुश्किलों का सामना सड़क व फुटपाथ पर गुजर-बसर करने वाले को करना पड़ रहा है। ऐसे में जहां उनकी मदद के लिए सामाजिक संगठन आगे आए हैं। वहीं गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट में तैनात पुलिस अधिकारी भी मानवता की खातिर इन लोगों की सहायता कर रहे हैं। थाना फेस-2 क्षेत्र की सेक्टर-85 चौकी के प्रभारी कोमल कुंतल ने अपने सहयोगियों के साथ सेक्टर-82 मेट्रो स्टेशन के पास अस्थाई रूप से रह रहे बेसहारा लोगों के बीच कंबलों का वितरण किया। चौकी प्रभारी ने बताया कि रात्रि में गश्त के दौरान उन्होंने कई बार इन लोगों को ठंड में ठिठुरते हुए देखा था, जिसके बाद उन्होंने इनकी मदद करने का निर्णय लिया।
देर रात उन्होंने अपने सहयोगी हेड कांस्टेबल जोगिंदर सिंह, कांस्टेबल पवन कुमार, राहुल कुमार व अनुभव कुमार की मदद से जरूरतमंदों के बीच कंबलों का वितरण किया। चौकी प्रभारी ने कहा कि इस ठंड में जरूरतमंदों की मदद हर किसी को करनी चाहिए तथा उनकी जरूरतों को अपनी सामर्थ्य के हिसाब से पूरा करना चाहिए। कंबल मिलने के बाद बेसहारा बुजुर्ग लोगों व महिलाओं ने संतोष व्यक्त कर पुलिसकर्मियों का आभार जताया।