
Noida News : (चेतना मंच)। गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रहे 25 हजार रूपये के इनामी लुटेरे को थाना फेज 3 पुलिस ने मुठभेड़ में घायल कर दिया। लुटेरे के पास से तमंचा, कारतूस व एक बाइक बरामद हुई है। पकड़े गए लुटेरे पर करीब दो दर्जन मामले विभिन्न थानों में पंजीकृत हैं।
एडीसीपी सेंट्रल डॉ राजीव दीक्षित ने बताया कि थाना फेस 3 पुलिस गढ़ी गोल चक्कर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने बाइक सवार एक व्यक्ति को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर युवक बाइक लेकर भाग निकला। बाइक सवार युवक का पीछा करने पर आरोपी ने फायरिंग कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
एडीसीपी ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम अभिषेक पुत्र राकेश कुमार निवासी भोला नगर थाना मंगलपुर जिला कानपुर देहात बताया। अभिषेक थाना फेस-3 से गैंगस्टर एक्ट के मामले में वांछित चल रहा था। वांछित चलने के कारण इसके ऊपर 25 का इनाम भी घोषित था। उन्होंने बताया कि घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और इसके अपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।